राजस्व वसूली में तेजी लाने का डीएम का निर्देश, बैठक से अनुपस्थित अधिकारी का एक दिन का वेतन स्थगित

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आंतरिक संसाधन, नीलाम पत्र एवं राजस्व समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की समीक्षा की गई तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के समाप्ति से पूर्व निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

राजस्व वसूली में तेजी लाने का डीएम का निर्देश, बैठक से अनुपस्थित अधिकारी का एक दिन का वेतन स्थगित

__ वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति से पहले लक्ष्य पूरा करने पर जोर, बिजली चोरी और परिवहन नियम उल्लंघन पर सख्ती के निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर:

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आंतरिक संसाधन, नीलाम पत्र एवं राजस्व समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की समीक्षा की गई तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के समाप्ति से पूर्व निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।समीक्षा के दौरान कार्यपालक अभियंता सोन नहर प्रमंडल आरा बैठक में अनुपस्थित पाए गए, जिसके कारण उनके विभाग की समीक्षा नहीं हो सकी। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता का एक दिन का वेतन स्थगित करने तथा स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।

इसके अलावा आंतरिक संसाधन की बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अन्य पदाधिकारियों का भी एक दिन का वेतन स्थगित करते हुए उनसे जवाब तलब करने का आदेश दिया गया।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 अब समाप्ति की ओर है, ऐसे में सभी विभाग राजस्व वसूली में तेजी लाते हुए अपने-अपने लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यपालक अभियंता सोन नहर प्रमंडल बक्सर और आरा को निर्देश दिया कि बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर लोगों को जागरूक करते हुए राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए। साथ ही इस दिशा में की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन अगले सोमवार तक समर्पित करने को कहा गया।नगर पंचायत इटाढ़ी, चौसा एवं ब्रह्मपुर को भी कार्ययोजना बनाकर राजस्व वसूली तेज करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो लोग विभागीय प्रावधानों के बावजूद राजस्व का भुगतान नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।जिला खनन पदाधिकारी को खनन से संबंधित राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को विशेष कैंप लगाकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।इसके अलावा जिला परिवहन पदाधिकारी को मोटर यान निरीक्षक, नगर परिषद और यातायात उपाधीक्षक के साथ संयुक्त टीम गठित कर परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंड अधिरोपित कर राजस्व वसूली बढ़ाने का निर्देश दिया गया।