अफवाह से मची गैस के लिए अफरा-तफरी, एजेंसी पर उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

प्रखंड के राजपुर स्थित इंद्रमणि गैस एजेंसी के बाहर शुक्रवार को अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। रसोई गैस की संभावित कमी की अफवाह के कारण लोग सुबह से ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर जमा होने लगे। देखते ही देखते स्थिति ऐसी बन गई कि वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

अफवाह से मची गैस के लिए अफरा-तफरी, एजेंसी पर उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

__ खाड़ी देशों में युद्ध की खबरों के बीच फैली कमी की आशंका, प्रशासन ने संभाली कमान; अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी

केटी न्यूज/राजपुर :

प्रखंड के राजपुर स्थित इंद्रमणि गैस एजेंसी के बाहर शुक्रवार को अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। रसोई गैस की संभावित कमी की अफवाह के कारण लोग सुबह से ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर जमा होने लगे। देखते ही देखते स्थिति ऐसी बन गई कि वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार तथा राजपुर थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने एजेंसी परिसर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को उनके नंबर के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।प्रशासन की ओर से उपभोक्ताओं को टोकन व्यवस्था के तहत गैस वितरण की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं को अब तक गैस नहीं मिला है, वे अपना टोकन जमा कर दें। निर्धारित क्रम के अनुसार सभी को गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद लोगों में फैली घबराहट धीरे-धीरे कम हुई और स्थिति सामान्य होने लगी।थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि बाजार में कुछ लोग यह अफवाह फैला रहे हैं कि आने वाले दिनों में गैस की भारी किल्लत हो जाएगी या सिलेंडर के लिए अधिक पैसे देने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि ऐसी बातों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर अफवाह फैलाता है या कालाबाजारी की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।दरअसल, पिछले एक सप्ताह से खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इसी को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में गैस की कमी की आशंका फैल गई। नतीजतन कई लोग एक साथ गैस लेने एजेंसी पहुंच गए, जिससे अचानक भीड़ बढ़ गई।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और जरूरत के अनुसार ही गैस लें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।