__ कोपवा गांव में छापेमारी के दौरान 215 ग्राम गांजा, 7,400 रुपये नकद और पैशन प्रो बाइक बरामद; गुप्त सूचना पर खुला अवैध कारोबार
केटी न्यूज/डुमरांव:
किराना दुकान की आड़ में गांजा की खरीद-बिक्री का अवैध धंधा चल रहा था। कोरानसराय थाना क्षेत्र के कोपवा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर इस कारोबार का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 215 ग्राम गांजा, 7,400 रुपये नकद और एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस की इस कार्रवाई से गांव में किराना दुकान की आड़ में संचालित नशे के कारोबार की पोल खुल गई। कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोपवा गांव स्थित एक किराना दुकान से गांजा की बिक्री की जा रही है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। तलाशी के दौरान गांजा, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु गांजा की आपूर्ति का स्रोत, बिक्री का नेटवर्क और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुकान की आड़ में कितने समय से नशीले पदार्थों का कारोबार संचालित किया जा रहा था।थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।