रात की नींद में सेंध, बहादूरपुर में अधिवक्ता के घर लाखों की चोरी

मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा के बहादुरपुर गांव में गुरुवार देर रात चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने अधिवक्ता के घर को निशाना बनाते हुए नगद राशि सहित करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है, वहीं लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

रात की नींद में सेंध, बहादूरपुर में अधिवक्ता के घर लाखों की चोरी

-- छत के रास्ते घुसे चार चोर, परिवार के जागने पर धक्का देकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

केटी न्यूज/चौसा

मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा के बहादुरपुर गांव में गुरुवार देर रात चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने अधिवक्ता के घर को निशाना बनाते हुए नगद राशि सहित करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है, वहीं लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।पीड़ित अधिवक्ता रामलखन पाल के पिता तेज नारायण पाल द्वारा मुफस्सिल थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, वे शुक्रवार की रात पूरे परिवार के साथ घर में सोए हुए थे।

इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर चार अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। चोरों ने कमरे में रखे ब्रीफकेस और बक्से को खंगालते हुए सोने की अंगूठी, सोने की सिकड़ी, कान की बाली सहित अन्य जेवरात चुरा लिए। इसके अलावा आठ हजार रुपये नकद और कपड़े भी ले गए। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।घटना के समय घर में मौजूद पुत्रवधू और नाबालिग बच्चे किसी आवाज से जाग गए। उन्होंने देखा कि तीन चोर छत के सहारे भाग रहे हैं, जबकि एक चोर अटैची लेकर निकलने की कोशिश कर रहा था। शोर मचाने पर पुत्रवधू ने साहस दिखाते हुए चोर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चोर ने धक्का देकर खुद को छुड़ा लिया और फरार हो गया।

शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। भागते समय चोर एक अटैची और एक बैग छत पर ही छोड़ गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित के आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।इस संबंध में मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।