एनएच-922 पर सीएसपी संचालक से लूट, हथियार के बल पर 40 हजार समेत बैग छीना

एनएच-922 पर सोमवार की रात बदमाशों ने सीएसपी संचालक को निशाना बनाते हुए हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। चुरामनपुर पुरानी चट्टी स्थित सीएसपी बंद कर साइकिल से घर लौट रहे संचालक रघुवीर खरवार को हरिकिशुनपुर मोड़ के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने रोक लिया।

एनएच-922 पर सीएसपी संचालक से लूट, हथियार के बल पर 40 हजार समेत बैग छीना

__ चुरामनपुर से घर लौटते समय हरिकिशुनपुर मोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

केटी न्यूज/बक्सर।

एनएच-922 पर सोमवार की रात बदमाशों ने सीएसपी संचालक को निशाना बनाते हुए हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। चुरामनपुर पुरानी चट्टी स्थित सीएसपी बंद कर साइकिल से घर लौट रहे संचालक रघुवीर खरवार को हरिकिशुनपुर मोड़ के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने रोक लिया। रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू करने के बाद बदमाशों ने हथियार सटा दिया और उनका बैग छीनकर फरार हो गए।बताया जाता है कि रघुवीर खरवार रोज की तरह सोमवार की रात करीब नौ बजे सीएसपी बंद कर हरिकिशुनपुर स्थित अपने घर के लिए निकले थे। जैसे ही वह हरिकिशुनपुर मोड़ के समीप पहुंचे, बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।

कुछ देर बातचीत के बाद दोनों ने हथियार निकाल लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए बैग छीन लिया। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक से मौके से फरार हो गए।पीड़ित के अनुसार बैग में करीब 40 हजार रुपये नकद, फिंगर प्रिंट सेंसर मशीन, पहचान पत्र, दुकान की चाबी सहित कई जरूरी सामान थे। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित के भाई विजय खरवार ने डायल-112 को जानकारी दी। सूचना पर औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की जांच की।

__ रेकी के बाद वारदात की आशंका

वारदात के तरीके ने पुलिस की जांच को भी नया एंगल दिया है। सीएसपी बंद करने और घर लौटने के दौरान ही संचालक को निशाना बनाए जाने से आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी होगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द ही मामले का उद्भेदन करने में जुटी है।