खो-खो के सेमीफाइनल में सारण, तिरहुत, पटना और भागलपुर का दबदबा

राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो (बालक) प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी गति, फुर्ती, कौशल और रणनीति से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विभिन्न आयु वर्गों में जीत के लिए टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंडर-17 वर्ग में सारण और तिरहुत प्रमंडल की टीमों ने जीत दर्ज कर फाइनल की ओर कदम बढ़ाया, जबकि अंडर-19 वर्ग में पटना और भागलपुर प्रमंडल की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

खो-खो के सेमीफाइनल में सारण, तिरहुत, पटना और भागलपुर का दबदबा

__ अंडर-17 में सारण व तिरहुत ने मारी बाजी, अंडर-19 में पटना व भागलपुर ने दर्ज की जीत; रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

केटी न्यूज/बक्सर। 

राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो (बालक) प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी गति, फुर्ती, कौशल और रणनीति से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विभिन्न आयु वर्गों में जीत के लिए टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंडर-17 वर्ग में सारण और तिरहुत प्रमंडल की टीमों ने जीत दर्ज कर फाइनल की ओर कदम बढ़ाया, जबकि अंडर-19 वर्ग में पटना और भागलपुर प्रमंडल की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।खेल विभाग, बिहार, पटना एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के साथ जिला प्रशासन, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के दूसरे दिन 28 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। मैचों का शुभारंभ वरीय उप समाहर्ता-सह-उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा, बक्सर तथा वरीय उप समाहर्ता-सह-विशेष कार्य पदाधिकारी, बक्सर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

__ एक-एक अंक के अंतर से रोमांचक जीत

अंडर-17 वर्ग के प्रथम सेमीफाइनल में सारण प्रमंडल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पटना प्रमंडल को महज एक अंक से शिकस्त दी। वहीं, इसी वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में तिरहुत प्रमंडल ने मगध प्रमंडल को दो अंकों से पराजित किया। इस मुकाबले में तिरहुत की टीम ने निर्धारित समय समाप्त होने से तीन मिनट 40 सेकंड पहले ही जीत सुनिश्चित कर ली।उधर, अंडर-19 वर्ग के प्रथम सेमीफाइनल में पटना प्रमंडल ने मुंगेर प्रमंडल को दो अंकों से हराकर जीत हासिल की। इस वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में भागलपुर प्रमंडल की टीम ने सारण प्रमंडल को तीन अंकों से पराजित कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

__खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने बढ़ाया प्रतियोगिता का रोमांच

सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, तेज गति, सटीक रणनीति और शानदार रक्षात्मक कौशल का परिचय दिया। सभी टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, जिससे मैदान पर लगातार रोमांचक प्रतिस्पर्धा बनी रही।प्रतियोगिता के सफल संचालन में तकनीकी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि विभिन्न प्रमंडलों से आए प्रतिभागी अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।