शौचालय भुगतान में सुस्ती पर भड़कीं डीडीसी, दो दिन में भुगतान निपटाने का अल्टीमेटम
ग्रामीण विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार और लंबित भुगतान को लेकर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) निहारिका छवि ने सख्त रुख अपनाया है। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों के भुगतान में सुस्ती और राज्यस्तरीय रैंकिंग में जिले की खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई।

__ तीसरी किस्त मिलने के बाद भी 1,488 आवास अधूरे, लंबित योजनाओं को समयसीमा में पूरा करने का निर्देश; लापरवाही पर अधिकारियों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
केटी न्यूज/बक्सर।
ग्रामीण विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार और लंबित भुगतान को लेकर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) निहारिका छवि ने सख्त रुख अपनाया है। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों के भुगतान में सुस्ती और राज्यस्तरीय रैंकिंग में जिले की खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने और दो दिनों के भीतर सभी लंबित भुगतानों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पात्र लाभुकों को समय पर लाभ मिलना चाहिए। ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं, ग्रामीण रोजगार, आवास निर्माण और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की प्रखंडवार समीक्षा के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने, मजदूरी मद की राशि के अनुरूप काम सृजित करने, पौधरोपण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, सोख्ता निर्माण तथा वित्तीय अभिलेखों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया गया।

__तीसरी किस्त मिलने पर भी 1,488 आवास अधूरे
आवास निर्माण की समीक्षा में सामने आया कि तीसरी किस्त की राशि मिलने के बावजूद 1,488 आवास अब तक अधूरे हैं। इस पर डीडीसी ने संबंधित कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्माण में आ रही बाधाओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। पूर्ववर्ती वर्षों से लंबित आवासों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा गया।

__ एक सप्ताह में पूरा कराएं लंबित कार्य
कुशल श्रमिकों का लंबित ई-केवाईसी एक सप्ताह में पूरा कराने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिन आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र मिल चुका है, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है, उन्हें प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर शीघ्र शुरू कराने को कहा गया।सामग्री मद में खर्च की गई राशि के अनुरूप वाउचर की प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि वित्तीय अभिलेख नियमानुसार अद्यतन रहें।

__सोख्ता निर्माण में तेजी लाने की हिदायत
सोख्ता निर्माण की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए डीडीसी ने एक सप्ताह के भीतर काम में तेजी लाने और आवंटित राशि का नियमानुसार उपयोग करने को कहा। वहीं, शौचालय से संबंधित उपलब्ध अपशिष्ट आंकड़ों को निर्धारित प्रपत्र में दो दिनों के भीतर भेजने का निर्देश दिया गया।डीडीसी ने सभी अधिकारियों को नियमित निगरानी और प्रगति की निरंतर समीक्षा करने की हिदायत देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा में पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में डीआरडीए और एनईपी के निदेशक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के जिला समन्वयक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और कार्यक्रम पदाधिकारी उपस्थित थे।


