दो टाटा नेक्सन में भरकर ले जा रहे थे शराब, तीन तस्कर गिरफ्तार
शराब तस्करी के लिए चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहे तीन आरोपितों को नया भोजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बुधवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो टाटा नेक्सन कारों से कुल 185.76 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। मौके से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

__ 185.76 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, छह मोबाइल जब्त; एक गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं होने से बढ़ा संदेह
केटी न्यूज/डुमरांव।
शराब तस्करी के लिए चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहे तीन आरोपितों को नया भोजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बुधवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो टाटा नेक्सन कारों से कुल 185.76 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। मौके से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों में एक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे पुलिस को तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों के संबंध में जांच का एक अहम बिंदु मिला है।

पुलिस के अनुसार, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को शराब की खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना जिले के कंकड़बाग थाना क्षेत्र के चांदमारी रोड निवासी गौतम कुमार और कुंदन कुमार तथा नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के अरपा गांव निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है।

__वाहनों और मोबाइल से नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
कार्रवाई के बाद पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और उसकी डिलीवरी के ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। दोनों टाटा नेक्सन कारों के स्वामित्व की भी जांच की जा रही है। खासकर बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ी को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल कर रही है। जब्त मोबाइल फोन की जांच से तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।पुलिस ने शराब, दोनों वाहनों और मोबाइल फोन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दौरान इस तस्करी में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।


