डुमरांव अनुमंडल में चोरों का तांडव
डुमरांव अनुमंडल में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा पिछले तीन दिनों में सामने आई चोरी की लगातार घटनाओं से लगाया जा सकता है। ज्वेलरी दुकानों से लेकर बंद मकानों तक चोरों ने एक के बाद एक निशाना बनाया और पुलिस को चुनौती देते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए।

__तीन रात, चार वारदात और लाखों की लूट: डुमरांव में बेखौफ चोरों ने खोली पुलिस गश्ती की पोल
__ ज्वेलरी दुकानों से लेकर बंद मकानों तक पर नजर, करीब 18 लाख के गहने और लाखों की नकदी ले उड़े चोर; लगातार घटनाओं से कारोबारियों और आम लोगों में बढ़ी दहशत
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव अनुमंडल में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा पिछले तीन दिनों में सामने आई चोरी की लगातार घटनाओं से लगाया जा सकता है। ज्वेलरी दुकानों से लेकर बंद मकानों तक चोरों ने एक के बाद एक निशाना बनाया और पुलिस को चुनौती देते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। चार प्रमुख घटनाओं में ही करीब 18 लाख रुपये के गहनों की चोरी सामने आई है। वहीं नकदी और अन्य सामान को जोड़ दें तो नुकसान का आंकड़ा और बढ़ जाता है।लगातार हो रही वारदातों ने न सिर्फ आम लोगों की नींद उड़ा दी है, बल्कि स्वर्ण व्यवसायियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक ही इलाके में लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद चोरों तक पुलिस की पहुंच क्यों नहीं बन पा रही है। घटनाओं का तरीका भी पुलिस के लिए चुनौती से कम नहीं है।

__पूछरी में तिजोरी काटकर 10 लाख के गहने उड़ाए
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के पूछरी गांव में रविवार की देर रात चोरों ने मंटू वर्मा की ज्वेलर्स व बर्तन की संयुक्त दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान में रखी मजबूत तिजोरी को काटकर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 2.70 लाख रुपये नकद ले गए। इसके अलावा फूलहा के बर्तन, मिक्सी मशीन समेत अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। दुकानदार को आशंका है कि तिजोरी काटने में कटर मशीन का इस्तेमाल किया गया। चोरी के बाद कुछ दस्तावेज दुकान से कुछ दूरी पर बाजरे के खेत से मिले हैं।
__ प्रतापसागर में लॉकर तोड़कर पांच लाख के आभूषण पार
इससे दो दिन पहले प्रतापसागर में चिलहरी निवासी विजय सेठ की ज्वेलरी दुकान में चोरी हुई। चोर पीछे की ओर से दीवार फांदकर दुकान में घुसे और लॉकर का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को घटना की जानकारी हुई। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

__ बंद घरों पर भी चोरों की नजर
डुमरांव नगर के स्टेशन बाइपास रोड स्थित वार्ड 18 में शिक्षक तेजनारायण सिंह के बंद मकान से चार लाख रुपये नकद और करीब ढाई लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए। परिवार 18 सितंबर को उनकी मां को हार्ट अटैक आने के बाद अतिमी गांव चला गया था। रविवार को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। चोर नकदी, गहने, मकान का डीड, चेकबुक समेत कई महत्वपूर्ण सामान ले गए।वहीं सफाखाना रोड में करीब एक माह से बंद निर्मला देवी के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। घर से करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, दो मोबाइल और जरूरी दस्तावेज गायब मिले।

__ गश्ती बढ़ाने के निर्देश, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद
लगातार घटनाओं के बीच पुलिस अब वैज्ञानिक जांच के सहारे चोरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि सभी मामलों की जांच की जा रही है। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। सभी थानाध्यक्षों को रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही घटनाओं का उद्भेदन कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।हालांकि, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच अब लोगों की निगाह पुलिस के दावों से ज्यादा इस बात पर टिकी है कि चोरों की गिरफ्तारी कब होती है और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश कब लगता है।

