ट्रेन यात्रियों के सामान चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, जीआरपी टीम को एसपी ने दी शाबाशी
रेल यात्रियों के सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई में सफलता हासिल करने वाली जीआरपी टीम को पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार रॉय ने सम्मानित किया है। ट्रॉली बैग चोरी मामले का महज कुछ ही समय में उद्भेदन करते हुए चोरी का सामान बरामद करने और आरोपितों की गिरफ्तारी करने पर जीआरपी थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मियों को कुल 9000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।

__ ट्रॉली बैग चोरी मामले में त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता, चार पुलिसकर्मियों को मिला 9000 रुपये का इनाम
केटी न्यूज/बक्सर
रेल यात्रियों के सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई में सफलता हासिल करने वाली जीआरपी टीम को पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार रॉय ने सम्मानित किया है। ट्रॉली बैग चोरी मामले का महज कुछ ही समय में उद्भेदन करते हुए चोरी का सामान बरामद करने और आरोपितों की गिरफ्तारी करने पर जीआरपी थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मियों को कुल 9000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। एसपी कार्यालय से जारी पत्र संख्या 617/26 और 618/26 में टीम के कार्यों की विशेष सराहना की गई है।सम्मान पाने वालों में जीआरपी थानाध्यक्ष मणिचंद्र पांडेय को 4000 रुपये, एसआई अखिलेश कुमार यादव को 2500 रुपये, पीटीसी अमित कुमार को 1500 रुपये तथा सिपाही कुंदन कुमार को 1000 रुपये की राशि दी गई।

एसपी ने कहा कि पुलिस टीम की तत्परता और बेहतर समन्वय से यात्रियों के सामान चोरी करने वाले गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकी है।जानकारी के अनुसार, 13 जून 2026 को ट्रेन संख्या 12141 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से सफर कर रही कटिहार निवासी महिला यात्री सुप्रिया रानी का ट्रॉली बैग बक्सर स्टेशन के आसपास चोरी हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।पुलिस टीम ने स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक ट्रेन से उतरकर असमानी रंग का ट्रॉली बैग लेकर तेजी से जाते हुए नजर आया। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के हकीमपुर निवासी सूरज कुमार गुप्ता के रूप में की गई।

जांच में सामने आया कि सूरज अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। वह बक्सर के पांडेय पट्टी इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर सूरज कुमार गुप्ता और किला मैदान निवासी अक्षय कुमार (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी किया गया ट्रॉली बैग बरामद हुआ, जिसमें महिला यात्री के जरूरी दस्तावेज, पासबुक समेत अन्य सामान मौजूद थे। इसके अलावा पुलिस ने कई मोबाइल फोन, एचपी कंपनी का लैपटॉप, चार्जर, माउस, सोने की चेन और एक कार भी बरामद की है। जीआरपी की इस कार्रवाई से रेल यात्रियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।

