महाअष्टमी पर आरण्य देवी के दर्शन के लिए भक्तों का उमड़ा जनसैलाब

शारदीय नवरात्र के आठवें दिन गुरुवार को देवी दुर्गा के अष्टम स्वरूप महागौरी की पूजा-अर्चना की गई। महाअष्टमी के अवसर पर पूजा पंडालों और मंदिरों में भारी भीड़ देखने को मिली।

महाअष्टमी पर आरण्य देवी के दर्शन के लिए भक्तों का उमड़ा जनसैलाब

केटी न्यूज़/आरा

आरा। शारदीय नवरात्र के आठवें दिन गुरुवार को देवी दुर्गा के अष्टम स्वरूप महागौरी की पूजा-अर्चना की गई। महाअष्टमी के अवसर पर पूजा पंडालों और मंदिरों में भारी भीड़ देखने को मिली। मां आरण्य देवी मंदिर विकास ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि शहर की अधिष्ठात्री देवी मां आरण्य देवी के मंदिर में पूजन और दर्शन के लिए गुरुवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों को देवी दर्शन के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा। मां आरण्य देवी की प्रतिमा और मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया था।

भीड़ का आलम यह था कि महिला-पुरुष भक्तों की लाइन आरण्य देवी से व्यापार मंडल तक पहुंच गई। पूजन का सिलसिला शाम करीब साढ़े सात बजे तक चला। दोपहर ढाई बजे तक भक्तों की भीड़ थोड़ी कम हुई, लेकिन तीन बजे के बाद फिर से मंदिर में दर्शन करने वालों की संख्या बढ़ गई। इस दौरान मां आरण्य देवी मंदिर विकास ट्रस्ट और पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दीप जलाने और नारियल फोड़ने पर सख्त मनाही लगा दी थी।

पुलिस-प्रशासन की टीम और ट्रस्ट के सदस्य भक्तों को कतारबद्ध कर देवी के दर्शन करा रहे थे। भक्त "आरण्य देवी मैया की जय" और "सच्चे दरबार की जय" के जयकारे लगा रहे थे। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक भीम सिंह भवेश, सचिव अरविंद कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष श्रवण कुमार जालान और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

मंदिर निर्माण में दिल खोलकर किया दान

आरा। महाअष्टमी के दिन मां आरण्य देवी मंदिर में दर्शन करने आए हजारों श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर दान दिया। मंदिर ट्रस्ट के मीडिया प्रबंधक कृष्ण कुमार ने बताया कि दान देने के लिए लोगों में होड़ मची रही। इसके लिए दो काउंटर बनाए गए थे, जहां भक्तों ने अपनी क्षमता के अनुसार दान दिया। कई भक्तों ने मंदिर निर्माण के लिए 51-51 हजार रुपए दान किए, और अन्य ने भी सहयोग का आश्वासन दिया।

पुलिस-प्रशासन की टीम रही मुस्तैद

आरा। महाअष्टमी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मंदिर में भारी सुरक्षा व्यवस्था की। लगभग एक दर्जन महिला-पुरुष पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी निभाते रहे, जबकि दंडाधिकारी भी मंदिर परिसर में मौजूद रहे। महाअष्टमी के अवसर पर मां आरण्य देवी मंदिर विकास ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं के बीच बेसन से बने बुदिया का वितरण किया गया। हजारों की संख्या में दर्शन करने आए भक्त प्रसाद पाकर गदगद नजर आए।