पिकअप से कुरकुरे की 80 पेटी लूट का चार घंटे में पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में पिकअप से कुरकुरे की 80 पेटी लूटने की घटना का अनुमंडल पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटा गया पूरा माल बरामद कर लिया है, जबकि एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।

पिकअप से कुरकुरे की 80 पेटी लूट का चार घंटे में पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

__ बाइक सवार तीन अपराधियों ने भैंसहा पुल के पास दिया था वारदात को अंजाम, लूटा गया माल बरामद; फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी

केटी न्यूज/डुमरांव।

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में पिकअप से कुरकुरे की 80 पेटी लूटने की घटना का अनुमंडल पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटा गया पूरा माल बरामद कर लिया है, जबकि एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। वारदात में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।शुक्रवार को डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 22 अक्टूबर की  रात नया भोजपुर थाना क्षेत्र के भैंसहा पुल के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने पिकअप से कुरकुरे की खेप लूट ली थी।

इस संबंध में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के निवासी अभिषेक सिंह ने नया भोजपुर थाने के साथ पुलिस के वरीय अधिकारियों को फोन कर घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई और अपराधियों की धरपकड़ के लिए तत्काल विशेष टीम गठित की गई।एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को शामिल किया गया। टीम ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करने के साथ तकनीकी अनुसंधान और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई का नतीजा रहा कि महज चार घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर लिया गया। इस दौरान पुलिस ने लूटे गए कुरकुरे की 80 पेटियां बरामद करते हुए एक आरोपित ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गरहथा कला गांव निवासी अंजू कुमार सिंह पिता हृदयानंद सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

__ कारोबारियों के बीच सीमा विवाद की आशंका

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कारोबारियों के सीमा क्षेत्र को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और अन्य आरोपितों की भूमिका का पता लगाने के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के आधार पर वारदात में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।एसडीपीओ ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने और आपराधिक घटनाओं का त्वरित खुलासा करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। महज चार घंटे में लूटकांड का खुलासा और पूरी खेप की बरामदगी पुलिस की तत्परता को दर्शाती है।