होटल की तलाश में दूसरे दिन भी छापेमारी, आरोपित शिक्षक की निशानदेही पर रेस्टोरेंट का कमरा सील
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सरकारी मध्य विद्यालय की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और उसका वीडियो बनाए जाने के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। आरोपित शिक्षक अरविंद कुमार से पूछताछ के बाद पुलिस ने शुक्रवार को दूसरे दिन भी डुमरांव के विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।

__ डुमरांव के बाद अब पटना के होटलों पर पुलिस की नजर, पूछताछ में छात्रा को दोनों शहरों के होटलों में ले जाने की बात स्वीकारी
केटी न्यूज/डुमरांव
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सरकारी मध्य विद्यालय की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और उसका वीडियो बनाए जाने के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। आरोपित शिक्षक अरविंद कुमार से पूछताछ के बाद पुलिस ने शुक्रवार को दूसरे दिन भी डुमरांव के विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इसी क्रम में आरोपित की निशानदेही पर स्टेशन रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में पहुंची पुलिस टीम ने एक कमरे की जांच करने के बाद उसे सील कर दिया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपित शिक्षक अरविंद ने डुमरांव के साथ-साथ पटना के एक होटल में भी छात्रा को ले जाकर दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस इस स्वीकारोक्ति के आधार पर संबंधित स्थानों की तस्दीक और साक्ष्यों के सत्यापन में जुटी है।

शुक्रवार को डुमरांव के स्टेशन रोड स्थित रेस्टोरेंट में की गई कार्रवाई भी इसी जांच का हिस्सा बताई जा रही है।पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट में काफी देर तक छानबीन की और आरोपित द्वारा बताए गए स्थान की तस्दीक की। इसके बाद एक कमरे को सील कर दिया गया। कमरे से पुलिस को क्या मिला या वहां से मामले से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद हुआ है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल पुलिस ने नहीं दी है।इस मामले में पुलिस डुमरांव के कई होटलों और संभावित ठिकानों पर पहले भी छापेमारी कर चुकी है। अब जांच का दायरा पटना तक पहुंच गया है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपित शिक्षक के साथ पुलिस की एक टीम पटना जाएगी और वहां उन होटलों की पहचान कर छापेमारी करेगी, जहां छात्रा को ले जाने की बात सामने आई है। वायरल वीडियो से जुड़े संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने रेस्टोरेंट में पुलिस कार्रवाई और कमरे को सील किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से पड़ताल कर रही है।पुलिस की लगातार कार्रवाई से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में भी हड़कंप है। वहीं, मामले में सामने आ रहे नए तथ्यों के बाद जांच की दिशा और दायरा लगातार विस्तृत होता जा रहा है।

