नहर पुल पर युवक के कूदने के बाद बवाल, पुलिस से बकझक और धक्का-मुक्की का आरोप

शहर के ज्योति चौक के समीप बड़ी नहर पुल पर युवक के छलांग लगाने के बाद मौके पर जुटी भीड़ में शामिल कुछ लोगों पर पुलिस के साथ बकझक, सरकारी कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों से धक्का-मुक्की करने का आरोप लगा है।

नहर पुल पर युवक के कूदने के बाद बवाल, पुलिस से बकझक और धक्का-मुक्की का आरोप

__ छोटू बाबा समेत साथियों पर सरकारी काम में बाधा डालने की प्राथमिकी, इंटरनेट माध्यम की पहचान भी जांच के दायरे में

केटी न्यूज/बक्सर

शहर के ज्योति चौक के समीप बड़ी नहर पुल पर युवक के छलांग लगाने के बाद मौके पर जुटी भीड़ में शामिल कुछ लोगों पर पुलिस के साथ बकझक, सरकारी कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों से धक्का-मुक्की करने का आरोप लगा है। मामले में नगर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक मुकेश कुमार यादव के आवेदन पर छोटू बाबा और उसके साथियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवेदन में छोटू बाबा ब्लॉगर नामक इंटरनेट माध्यम की पहचान का भी उल्लेख किया गया है।पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, 3 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे ज्योति चौक स्थित बड़ी नहर पुल से करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति के नहर में छलांग लगाने की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि इसी दौरान चारपहिया वाहन से पहुंचे कुछ युवक, जिनमें छोटू बाबा भी शामिल था, गमछा लेकर नहर में गिरे व्यक्ति को निकालने के प्रयास के दौरान शोर-शराबा करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने लगे।आवेदन में स्थानीय लोगों के हवाले से आरोप लगाया गया है कि छोटू बाबा और उसके एक साथी ने जिलाधिकारी के सरकारी वाहन को रोककर हंगामा किया। बाद में सरकारी गोताखोरों की मदद से नहर में डूबे व्यक्ति को बाहर निकाला गया। आरोप है कि कुछ लोग उसे चारपहिया वाहन से अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो जाने की जानकारी मिली।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद इंटरनेट माध्यम पर सामने आए एक कथित वीडियो में दो युवकों के एक महिला सिपाही से बकझक करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा जिलाधिकारी के वाहन को रोककर हंगामा करने की बात सामने आई। पुलिस बल द्वारा हटाने के दौरान धक्का-मुक्की किए जाने का भी आरोप है।नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर छोटू बाबा और उसके साथियों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस से बकझक, धमकी और धक्का-मुक्की समेत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।