किला मैदान, पुराना बस स्टैंड व लाइट एंड साउंड का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
जिलाधिकारी साहिला ने शनिवार को शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों किला मैदान, पुराना बस स्टैंड एवं लाइट एंड साउंड परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, अतिक्रमण, सौंदर्यीकरण तथा आमजन की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बक्सर शहर की छवि और नागरिक सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
-- अतिक्रमण हटाने, नो व्हीकल जोन, पार्किंग व सौंदर्यीकरण को लेकर दिए सख्त निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला ने शनिवार को शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों किला मैदान, पुराना बस स्टैंड एवं लाइट एंड साउंड परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, अतिक्रमण, सौंदर्यीकरण तथा आमजन की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बक्सर शहर की छवि और नागरिक सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

-- अतिथि गृह पथ को नो व्हीकल जोन बनाने का निर्देश
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने अतिथि गृह की ओर जाने वाले पथ को नो व्हीकल जोन घोषित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को वहां स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने तथा इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि अतिथि गृह क्षेत्र में अनावश्यक वाहनों का प्रवेश अव्यवस्था और दुर्घटनाओं का कारण बनता है, जिसे तत्काल नियंत्रित किया जाना आवश्यक है।

-- अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर सख्त रुख
मॉडल थाना से लेकर तड़का नाला तक पथ के किनारे अवैध रूप से दुकानों के संचालन और सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग को लेकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने नगर परिषद को निर्देश दिया कि अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाकर अविलंब कार्रवाई की जाए। साथ ही रामरेखा घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15 दिनों के भीतर एक व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करने का आदेश दिया गया।

-- लाइट एंड साउंड परिसर के सौंदर्यीकरण पर जोर
लाइट एंड साउंड स्थल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां की पहुंच पथों की मरम्मती, पर्याप्त साफ-सफाई एवं पथ के दोनों ओर सघन पौधरोपण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह स्थल पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके सौंदर्यीकरण और सुव्यवस्थित संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही लाइट एंड साउंड परियोजना का कार्य शीघ्र पूर्ण करने, उसके नियमित संचालन एवं रख-रखाव के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।

-- किला मैदान व पुराना बस स्टैंड में विकास कार्य
किला मैदान में मंच के जीर्णाेद्धार, पेवर ब्लॉक लगाने तथा पुराना बस स्टैंड से रामलीला मंच की ओर आने वाले पथ के किनारे स्थित दीवारों की पेंटिंग कराने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि बारिश के मौसम में जलजमाव की समस्या से आमजन को राहत मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि किला मैदान सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र है, इसलिए इसका सुव्यवस्थित और आकर्षक होना जरूरी है।
-- जवाहर मध्य विद्यालय की स्थिति पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जवाहर मध्य विद्यालय का भी भ्रमण किया। विद्यालय की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापक से कारण पृच्छा की। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और विद्यालयों की व्यवस्था में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

-- अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी बक्सर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिए गए आदेशों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहर के विकास और व्यवस्था में ठोस सुधार दिखे।
