स्वच्छता पर्यवेक्षक चयन विवाद की डीडीसी ने की सुनवाई, मांगा स्पष्टीकरण
रसेन पंचायत में स्वच्छता पर्यवेक्षक के चयन में कथित अनियमितता और स्वच्छाग्रही को पद से हटाए जाने के मामले की सुनवाई शुक्रवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) बक्सर ने की। मामले में परिवादी ज्योति प्रकाश ने चयन प्रक्रिया तथा मानदेय भुगतान को लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।

केटी न्यूज/बक्सर
रसेन पंचायत में स्वच्छता पर्यवेक्षक के चयन में कथित अनियमितता और स्वच्छाग्रही को पद से हटाए जाने के मामले की सुनवाई शुक्रवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) बक्सर ने की। मामले में परिवादी ज्योति प्रकाश ने चयन प्रक्रिया तथा मानदेय भुगतान को लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।ज्योति प्रकाश, पिता जीरालाल गुप्ता, ग्राम जमुनी डिहरा, पंचायत रसेन, प्रखंड ताजपुर, जिला बक्सर ने आरोप लगाया कि बिना उनका पक्ष सुने और गलत आरोप लगाकर उन्हें स्वच्छाग्रही के पद से हटा दिया गया। साथ ही रसेन पंचायत में किसी अन्य व्यक्ति का स्वच्छता पर्यवेक्षक के पद पर चयन कर लिया गया।

उन्होंने यह भी शिकायत की कि कार्य करने के बावजूद उन्हें निर्धारित अवधि का मानदेय भुगतान नहीं किया गया है।सुनवाई के दौरान निदेशक लेखा प्रशासन जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) बक्सर, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजपुर, प्रखंड समन्वयक राजपुर, रसेन पंचायत के मुखिया तथा पंचायत सचिव उपस्थित रहे।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीडीसी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी राजपुर को निर्देश दिया कि जिन आरोपों के आधार पर ज्योति प्रकाश को स्वच्छाग्रही के पद से हटाया गया, उसके संबंध में उनसे विधिवत स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए। साथ ही परिवादी को भी अपने ऊपर लगाए गए आरोपों के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

प्रखंड समन्वयक राजपुर को यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया गया कि कार्य करने के बावजूद परिवादी का मानदेय भुगतान किन परिस्थितियों में नहीं किया गया। उन्हें नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्यावधि का बकाया मानदेय भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा गया।वहीं, निदेशक लेखा प्रशासन, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण बक्सर को निर्देशित किया गया कि परिवादी का स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद पूरे मामले की समीक्षा कर अग्रेतर कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। सुनवाई के बाद मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

