आरओबी बंद होने से बढ़ी जनजीवन की मुश्किलें, कांग्रेस ने प्रशासन पर बढ़ाया दबाव
बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के कारण आम लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमिटी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

__ इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग को लेकर समाहरणालय मार्च, वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के कारण आम लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमिटी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इटाढ़ी रेलवे गुमटी को तत्काल आवागमन के लिए खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में मार्च निकाला और जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्योति प्रकाश चौक से समाहरणालय तक शांतिपूर्ण मार्च किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आरओबी के क्षतिग्रस्त होने के बाद इटाढ़ी प्रखंड समेत आसपास के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है।

इसका सीधा असर आम नागरिकों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वैकल्पिक व्यवस्था के अभाव में लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोगों को उठानी पड़ रही है। ऐसे में जब तक आरओबी का पुनर्निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक इटाढ़ी रेलवे गुमटी को खोलना जनहित में आवश्यक है।ज्ञापन में कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि आरओबी की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप कराया जाए।

नेताओं ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की जल्दबाजी भविष्य में बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए मजबूत और टिकाऊ निर्माण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने कहा कि जनता की परेशानियों को देखते हुए प्रशासन को संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रेलवे फाटक खोलने तथा सुचारु वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो कांग्रेस जनहित के मुद्दे पर व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।मार्च और ज्ञापन कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडे, उमाशंकर पांडे, महिला जिला अध्यक्ष निर्मला देवी, लक्ष्मण उपाध्याय, राजा तिवारी, शिवाकांत मिश्रा, हरिशंकर त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

