__ दलसागर टोल प्लाजा के पास हमले का आरोप, पुलिस की मौजूदगी में मारपीट का दावा; दो आरोपित हिरासत में
केटी न्यूज/बक्सर।
शहर में बेलगाम यातायात, नो-एंट्री के उल्लंघन और बालू लदे ट्रकों के अवैध परिचालन के खिलाफ आवाज बुलंद करना सड़क सुरक्षा कार्यकर्ता कृष्णा शर्मा को भारी पड़ गया। रविवार को औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत दलसागर टोल प्लाजा के समीप कथित बालू कारोबारियों ने उन्हें घेर लिया और बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना को लेकर इलाके में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

कृष्णा शर्मा लंबे समय से बक्सर शहर के सिंडिकेट नहर, गोलंबर और राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन तथा नो-एंट्री के दौरान ट्रकों के प्रवेश का विरोध कर रहे थे। इन वाहनों के कारण लगने वाले जाम और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर वे आवाज उठाते रहे हैं। आरोप है कि उनकी सक्रियता से नाराज लोगों ने दलसागर टोल प्लाजा के पास उन्हें निशाना बनाया और मारपीट कर जख्मी कर दिया।

__ पुलिस की मौजूदगी में हमले का आरोप
घटना के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद मारपीट होने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर प्रसारित जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने खुलेआम सड़क पर मारपीट की, जबकि पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, घटना के दौरान पुलिस की वास्तविक भूमिका और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

__ यातायात व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
घटना ने शहर में भारी वाहनों के परिचालन, नो-एंट्री व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।