बिजली विभाग के खिलाफ डुमरांव में फूटा आक्रोश, पुतला फूंक जताया विरोध

डुमरांव एवं कोरानसराय विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के कथित दुर्व्यवहार को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है। उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोपों को लेकर बुधवार को डुमरांव में आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

बिजली विभाग के खिलाफ डुमरांव में फूटा आक्रोश, पुतला फूंक जताया विरोध

__ उपभोक्ता से कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप, एसडीओ-जेई पर कार्रवाई की मांग; निष्पक्ष जांच नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव एवं कोरानसराय विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के कथित दुर्व्यवहार को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है। उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोपों को लेकर बुधवार को डुमरांव में आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोरानसराय विद्युत सब-डिवीजन के एसडीओ अर्जुन राय और जेई अमित राय के व्यवहार को लेकर पिछले कुछ दिनों से उपभोक्ताओं में नाराजगी है।

आरोप है कि विभागीय कार्यालय पहुंचने वाले लोगों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया जाता है और कई मामलों में अनावश्यक दबाव बनाया जाता है।इसी क्रम में बीते दिनों डुमरा निवासी विनोद पासवान अपने एक रिश्तेदार के साथ नया बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि कार्यालय में किसी बात को लेकर विवाद के बाद उनके साथ कथित रूप से मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। घटना की जानकारी फैलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि बिजली विभाग आम उपभोक्ताओं को सेवा और सुविधा उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण विभाग है।

ऐसे में उपभोक्ताओं के साथ कथित मारपीट और अपमानजनक व्यवहार की शिकायत गंभीर है। प्रदर्शनकारियों ने वरीय अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पीड़ित को न्याय दिलाने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की।लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। पुतला दहन में पीड़ित विनोद पासवान के अलावा अविनाश त्रिपाठी ‘बप्पी’, मगन राय, दीपक यादव, मनु सिंह, नथुनी खरवार, अभिषेक कुमार, अमरेंद्र सिंह, प्रशांत ठाकुर, संटु मित्रा, अजीत तिवारी, आनंद सिंह, संजय पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे।