सीक्रेट चैंबर में छिपी 7 लाख की शराब पकड़ी, वीर कुंवर सिंह सेतु चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर कानून को चुनौती देने से बाज नहीं आ रहे हैं। हालांकि, बक्सर के वीर कुंवर सिंह सेतु चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की सतर्क टीम ने शुक्रवार की सुबह तस्करों की एक बड़ी चाल नाकाम कर दी।


__ हरियाणा से पटना भेजी जा रही थी 589.5 लीटर विदेशी शराब, पिकअप चालक गिरफ्तार; पूछताछ में तस्करी नेटवर्क के बड़े खुलासे की उम्मीद
केटी न्यूज/बक्सर।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर कानून को चुनौती देने से बाज नहीं आ रहे हैं। हालांकि, बक्सर के वीर कुंवर सिंह सेतु चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की सतर्क टीम ने शुक्रवार की सुबह तस्करों की एक बड़ी चाल नाकाम कर दी। गुप्त तरीके से तैयार किए गए सीक्रेट चैंबर में छिपाकर ले जाई जा रही करीब सात लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब की खेप बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।उत्पाद निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में नियमित जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर उसकी गहन तलाशी ली गई। शुरुआती जांच में वाहन सामान्य नजर आया, लेकिन अधिकारियों को संदेह होने पर जब पिकअप की बारीकी से जांच की गई तो उसके अंदर बेहद शातिर तरीके से बनाया गया सीक्रेट चैंबर मिला।

चैंबर खोलते ही उसमें विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।उत्पाद विभाग के अनुसार, पिकअप वैन से कुल 589.500 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है। मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि शराब की खेप हरियाणा से लोड कर पटना पहुंचाई जा रही थी।अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करों ने वाहन में इस तरह का सीक्रेट चैंबर तैयार कराया था कि सामान्य जांच में उसका पता लगाना आसान नहीं था। लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता और तकनीकी जांच के कारण तस्करों की पूरी योजना धरी रह गई।

उत्पाद विभाग ने जब्त पिकअप वैन और शराब को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि पूछताछ से इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

