पुलिस पहुंची तो बंद हो गया दरवाजा, संदिग्ध हेरोइन तस्कर हाथ नहीं आया
स्थानीय थाना क्षेत्र के टुड़ीगंज बाजार में गुरुवार की दोपहर एक संदिग्ध हेरोइन तस्कर के घर पर पुलिस की छापेमारी उस वक्त बेअसर साबित हो गई, जब आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और किसी भी हाल में उसे नहीं खोला। स्थानीय पुलिस के साथ विशेष टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, घर के भीतर मौजूद व्यक्ति ने मुख्य दरवाजा बंद कर खुद को अंदर ही कैद कर लिया।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
स्थानीय थाना क्षेत्र के टुड़ीगंज बाजार में गुरुवार की दोपहर एक संदिग्ध हेरोइन तस्कर के घर पर पुलिस की छापेमारी उस वक्त बेअसर साबित हो गई, जब आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और किसी भी हाल में उसे नहीं खोला। स्थानीय पुलिस के साथ विशेष टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, घर के भीतर मौजूद व्यक्ति ने मुख्य दरवाजा बंद कर खुद को अंदर ही कैद कर लिया।पुलिस ने काफी देर तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण तलाशी अभियान शुरू नहीं हो सका। मजबूरन पुलिस टीम को बिना कार्रवाई के लौटना पड़ा। इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, जिस व्यक्ति के घर पर छापेमारी की गई, उसका नाम पहले भी हेरोइन तस्करी के मामलों में सामने आ चुका है। कुछ साल पहले उसके पास से हेरोइन बरामद हुई थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया था।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के लिए भेजा गया था, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने के कारण तलाशी नहीं ली जा सकी। उन्होंने संकेत दिया कि आगे कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है और आरोपी पर नजर रखी जा रही है।

