घर के बाहर से ई-रिक्शा ले उड़े चोर, परिवार पर टूटा संकट
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मित्रलोक कॉलोनी में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने एक मेहनतकश परिवार की रोजी-रोटी पर सीधा वार कर दिया। बीती रात घर के बाहर खड़ी ई-रिक्शा अज्ञात चोर चुरा ले गए। सुबह जब चालक की नींद खुली तो दरवाजे पर खड़ी रहने वाली उसकी कमाई की गाड़ी गायब थी। यह देख परिवार के होश उड़ गए।
केटी न्यूज/बक्सर:
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मित्रलोक कॉलोनी में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने एक मेहनतकश परिवार की रोजी-रोटी पर सीधा वार कर दिया। बीती रात घर के बाहर खड़ी ई-रिक्शा अज्ञात चोर चुरा ले गए। सुबह जब चालक की नींद खुली तो दरवाजे पर खड़ी रहने वाली उसकी कमाई की गाड़ी गायब थी। यह देख परिवार के होश उड़ गए।जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के चीनी मिल निवासी स्वर्गीय नन्दू केशरी के पुत्र अभिषेक केशरी मित्रलोक कॉलोनी में किराये के मकान में रहते हैं। अभिषेक ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रोज की तरह वह रात में अपनी ई-रिक्शा घर के बाहर खड़ी कर सोने चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर वाहन पर हाथ साफ कर दिया।

सुबह बाहर निकलते ही ई-रिक्शा गायब देख अभिषेक के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने आसपास काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। चोरी की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।पीड़ित ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आवेदन मिलने के बाद जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।अभिषेक ने पुलिस से जल्द वाहन बरामद कराने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि ई-रिक्शा ही परिवार की आय का एकमात्र सहारा था। वाहन चोरी होने से पूरे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

