सोनवर्षा में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, चार पर प्राथमिकी
सोनवर्षा थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने बुधवार को विशेष अभियान चलाकर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। छापेमारी के दौरान चारों को अवैध रूप से टोका फंसाकर बिजली का उपयोग करते पाया गया।

--छापेमारी में टोका फंसाकर बिजली चोरी करते पकड़े गए, विभाग को 2.19 लाख रुपये की राजस्व क्षति
केटी न्यूज/केसठ।
सोनवर्षा थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने बुधवार को विशेष अभियान चलाकर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। छापेमारी के दौरान चारों को अवैध रूप से टोका फंसाकर बिजली का उपयोग करते पाया गया। इस मामले में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) को कुल 2,19,518 रुपये की राजस्व क्षति होने का आकलन किया गया है।कनीय विद्युत अभियंता अवनीश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने गिरधर बरांव (चनवथ रोड) क्षेत्र में छापेमारी की। टीम में कनीय सारणी पुरुष मिंटू कुमार, तकनीशियन ग्रेड-3 मो. सद्दाम हुसैन तथा मानवबल बृज बिहारी सिंह शामिल थे।

जांच के दौरान आजाद सिंह के व्यावसायिक परिसर से 51,247 रुपये, दशरथ महतो के व्यावसायिक परिसर से 59,277 रुपये, राजू कुमार के नवनिर्मित आवासीय परिसर से 55,048 रुपये तथा अदि सिंह उर्फ पिंटू सिंह के निर्माणाधीन आवासीय परिसर से 53,946 रुपये की राजस्व क्षति का आकलन किया गया। सभी स्थानों पर बिना वैध कनेक्शन के सीधे एलटी लाइन से बिजली चोरी की जा रही थी।कनीय विद्युत अभियंता ने सोनवर्षा थाने में चारों आरोपितों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विभाग ने जब्ती सूची और आवश्यक दस्तावेज भी पुलिस को सौंप दिए हैं।विद्युत विभाग ने चेतावनी दी है कि बिजली चोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

