ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बक्सर स्टेशन पर सक्रिय टीम की सख्ती, चोरी का मोबाइल बरामद, आरोपी जीआरपी के हवाले

बक्सर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निशाना बनाने की फिराक में घूम रहे एक युवक को आरपीएफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए धर दबोचा। बुधवार की रात चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2–3 पर संदिग्ध गतिविधि ने आरपीएफ टीम का ध्यान खींचा और यही सतर्कता आरोपी की गिरफ्तारी की वजह बन गई।

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बक्सर स्टेशन पर सक्रिय टीम की सख्ती, चोरी का मोबाइल बरामद, आरोपी जीआरपी के हवाले

केटी न्यूज/बक्सर:

बक्सर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निशाना बनाने की फिराक में घूम रहे एक युवक को आरपीएफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए धर दबोचा। बुधवार की रात चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2–3 पर संदिग्ध गतिविधि ने आरपीएफ टीम का ध्यान खींचा और यही सतर्कता आरोपी की गिरफ्तारी की वजह बन गई।निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में उप-निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, आरक्षी दीपक कुमार और कन्हैयालाल चौधरी स्टेशन परिसर में गश्त कर रहे थे।

इसी दौरान एक युवक की हरकतें असामान्य लगीं। टीम ने तुरंत उसे रोका और सख्ती से पूछताछ की। युवक ने अपनी पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर निवासी शिवम कुमार ओझा के रूप में बताई।तलाशी के दौरान उसके पास से एक महंगा स्मार्टफोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने कबूल किया कि फोन उसने ट्रेन में खिड़की के पास सो रहे यात्री से चुराया था। स्वीकारोक्ति के बाद आरपीएफ ने बिना देर किए आरोपी को मोबाइल और जरूरी कागजात के साथ जीआरपी बक्सर को सौंप दिया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन पर बढ़ती भीड़ के बीच चोरी जैसी घटनाओं पर लगाम कसने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत लगातार गश्त, संदिग्धों की पहचान और यात्रियों को जागरूक करने का अभियान तेज किया गया है।निरीक्षक कुंदन कुमार ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान सतर्क रहें, खासकर खिड़की के पास मोबाइल या कीमती सामान रखने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।