नुआंव में ‘स्प्रे गैंग’ का आतंक: एक रात में तीन घरों से 42 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ, एफएसएल ने जुटाए सुराग
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में बुधवार की आधी रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से तीन घरों में धावा बोलकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक ही रात में तीन परिवारों को निशाना बनाए जाने से गांव में दहशत का माहौल है। चोरों ने घरों से करीब 40 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये से ज्यादा नकदी लेकर फरार हो गए।

कृष्णाब्रह्म/केटी न्यूज।
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में बुधवार की आधी रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से तीन घरों में धावा बोलकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक ही रात में तीन परिवारों को निशाना बनाए जाने से गांव में दहशत का माहौल है। चोरों ने घरों से करीब 40 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये से ज्यादा नकदी लेकर फरार हो गए।घटना को अंजाम देने का तरीका देखकर पुलिस इसे संगठित गिरोह की करतूत मान रही है। जानकारी के अनुसार चोरों ने लालबाबू सिंह, सतीश कुमार सिंह और संजय सिंह के घरों को निशाना बनाया। वारदात के दौरान चोरों ने कथित रूप से किसी नशीले स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिससे घर में सो रहे लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

इसके बाद चोरों ने आराम से कमरों और अलमारियों को खंगाला और कीमती सामान लेकर निकल गए।बताया जा रहा है कि चोरों ने घरों के कमरों को बाहर से बंद कर दिया था, ताकि परिवार के लोग समय रहते बाहर न निकल सकें। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म पुलिस सक्रिय हो गई। एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में अंचल निरीक्षक ओमप्रकाश कुमार, थानाध्यक्ष रवि कुमार, डीआईयू टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि चोरों तक पहुंचने में मदद मिल सके।पुलिस ने पीड़ित परिवारों से पूछताछ कर चोरी गए सामान का विवरण जुटाना शुरू कर दिया है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। लगातार तीन घरों में हुई चोरी ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए तकनीकी जांच के साथ संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

