ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का डीएम-एसपी ने किया त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को प्रखंड परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का जून 2026 का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से किया।

__ सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र और अन्य व्यवस्थाओं की हुई जांच, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर :
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को प्रखंड परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का जून 2026 का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से किया। निरीक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने वेयर हाउस में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने वेयर हाउस में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच करते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि निगरानी व्यवस्था लगातार सुचारू रूप से संचालित रहे।निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा को लेकर लगाए गए अग्निशमन यंत्रों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों की स्थिति और उनकी कार्यक्षमता का अवलोकन किया तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।डीएम साहिला ने वेयर हाउस परिसर की साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए मौके पर मौजूद अवर निर्वाचन पदाधिकारी, बक्सर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सामग्री एवं उपकरणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था में नियमित निगरानी और जांच जरूरी है।निरीक्षण के दौरान जिला अग्निशमन पदाधिकारी बक्सर, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल बक्सर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी निरीक्षण में भाग लिया। इनमें भारतीय जनता पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी), इंडियन नेशनल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड के प्रतिनिधि शामिल थे।निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित पक्षों की मौजूदगी में वेयर हाउस की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया और निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां बनाए रखने पर जोर दिया गया।

