जनता दरबार आवेदनों की निगरानी अब और आसान, डीएम ने शुरू कराया नया क्यूआर कोड सिस्टम

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

जनता दरबार आवेदनों की निगरानी अब और आसान, डीएम ने शुरू कराया नया क्यूआर कोड सिस्टम

केटी न्यूज/बक्सर

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।प्रभारी पदाधिकारी, शिकायत एवं अनुश्रवण कोषांग ने बताया कि जनता दरबार में अब तक कुल 1173 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें भूमि संबंधी 574, विकास से जुड़े 353 तथा भूमि एवं विकास को छोड़कर अन्य श्रेणी के 246 आवेदन शामिल हैं। सभी संबंधित कार्यालयों से प्राप्त प्रतिवेदनों का गुणवत्ता के आधार पर परीक्षण करते हुए उन्हें तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आवेदनों के निष्पादन की स्थिति को तीन रंगों के माध्यम से दर्शाया जाएगा। हरे रंग का अर्थ होगा कि शिकायत का समाधान कर दिया गया है। पीला रंग उन मामलों के लिए होगा जिन्हें अन्य पदाधिकारी को भेजा गया है अथवा भविष्य में सुविधा उपलब्ध कराई जानी है। वहीं लाल रंग उन मामलों को दर्शाएगा जिनका निष्पादन संभव नहीं है या जो न्यायालय अथवा अन्य प्राधिकार से संबंधित हैं।समीक्षा के दौरान ब्रह्मपुर एवं इटाढ़ी अंचल कार्यालयों से निष्पादन संबंधी प्रतिवेदन शून्य पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अंचल अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश भी दिया।

बैठक में आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई व्यवस्था की जानकारी दी गई। अब जनता दरबार के आवेदनों की स्थिति जानने के लिए गूगल शीट आधारित क्यूआर कोड उपलब्ध कराया गया है, जिससे लोग घर बैठे अपने आवेदन की जानकारी देख सकते हैं। कई परिवादियों की मांग पर जिला प्रशासन ने एक और नया क्यूआर कोड जारी करने का निर्णय लिया है, जिसमें केवल आवेदन संख्या दर्ज कर आवेदन की वर्तमान स्थिति आसानी से देखी जा सकेगी।इस नवाचार को लेकर जिलाधिकारी ने प्रभारी पदाधिकारी, जनशिकायत एवं अनुश्रवण कोषांग प्रशांत कुमार की सराहना की और इसे आमजन के लिए उपयोगी पहल बताया।