दुर्गा पूजा में बिना लाइसेंस नहीं लगेगा पंडाल, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
दुर्गा पूजा को लेकर डुमरांव अनुमंडल प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। एसडीएम राजीव कुमार ने दो टूक कहा कि बिना अनुमति और लाइसेंस के कोई भी पूजा पंडाल नहीं लगेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

__ एसडीएम राजीव कुमार का दो टूक निर्देश—पूजा समितियां नियमों का करें पालन, हुड़दंगियों और अफवाहबाजों पर रहेगी पैनी नजर
केटी न्यूज/डुमरांव।
दुर्गा पूजा को लेकर डुमरांव अनुमंडल प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। एसडीएम राजीव कुमार ने दो टूक कहा कि बिना अनुमति और लाइसेंस के कोई भी पूजा पंडाल नहीं लगेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में आयोजित शांति समिति की बैठक में एसडीएम ने अधिकारियों को पूजा के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई और निगरानी व्यवस्था को लेकर कई कड़े निर्देश दिए।एसडीएम राजीव कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह और डीसीएलआर टेश लाल सिंह समेत विभिन्न प्रखंडों के प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। एसडीएम ने सभी सीओ, बीडीओ, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में स्थापित होने वाले पंडालों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन कर लाइसेंस निर्गत कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाइसेंस प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

__ पंडालों की सुरक्षा जांच, सीसीटीवी से निगरानी
एसडीएम ने पंडालों में अग्निशमन यंत्र, प्रवेश एवं निकास द्वार, बिजली के तारों की स्थिति समेत सुरक्षा के अन्य मानकों की जांच कराने का निर्देश दिया। नगर परिषद क्षेत्र में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कर सक्रिय करने को कहा गया, ताकि संवेदनशील स्थानों और पूजा स्थलों पर निगरानी मजबूत रहे।शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई। मुख्य मार्गों, मंदिर परिसरों और पूजा पंडालों के आसपास नियमित कचरा उठाव तथा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

__ हुड़दंगियों और अफवाहबाजों पर पुलिस की नजर
प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने थानाध्यक्षों को गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर अतिरिक्त पुलिस बल एवं चौकीदारों की तैनाती करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।पूजा समितियों से पंडालों में पर्याप्त संख्या में वालंटियर रखने तथा भीड़ एवं यातायात नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों ने शांति समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की।

