एनएच-922 पर रफ्तार का तांडव: बेलगाम कार ने बाइक सवार युवक को मारी जोरदार टक्कर, हालत नाजुक

पटना-बक्सर एनएच-922 पर गुरुवार दोपहर बाद तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के चौकियां गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

एनएच-922 पर रफ्तार का तांडव: बेलगाम कार ने बाइक सवार युवक को मारी जोरदार टक्कर, हालत नाजुक

__ चौकियां गांव के पास आमने-सामने भिड़े दोनों वाहन, कार चालक फरार; घायल को बक्सर सदर अस्पताल किया गया रेफर

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

पटना-बक्सर एनएच-922 पर गुरुवार दोपहर बाद तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के चौकियां गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। बताया जाता है कि एक बेलोनो कार बक्सर की तरफ जा रही थी।

इसी दौरान चौकियां गांव निवासी बाइक सवार युवक अपने गांव की ओर लौट रहा था। चौकियां के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। तेज रफ्तार के कारण हुई इस टक्कर में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कार का अगला हिस्सा भी पूरी तरह टूट गया।घायल युवक की पहचान चौकियां गांव निवासी महेंद्र यादव के 32 वर्षीय पुत्र विश्वामित्र यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद कार चालक मौके की स्थिति को देखते हुए वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुट गई है।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि एनएच-922 पर सड़क दुर्घटना में एक युवक घायल हुआ है। घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने एनएच पर बढ़ती तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर चिंता जताई है।