थार की टक्कर से बैंक मैनेजर की मौत, डेढ़ घंटे तक जिंदगी के लिए जूझते रहे अमित
चौसा-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सोनपा गांव के समीप तेज रफ्तार थार की चपेट में आने से मध्य बिहार ग्रामीण बैंक के सिकरौल शाखा प्रबंधक अमित कुमार की मौत हो गई। 36 वर्षीय अमित कुमार मूल रूप से पटना के रहने वाले थे और बैंकिंग सेवा में रहते हुए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से जुड़े हुए थे।


__ किसान ऋण समझौता शिविर में शामिल होने जा रहे थे सिकरौल शाखा प्रबंधक, हादसे के बाद मदद के नाम पर हुई देरी ने उठाए कई सवाल
केटी न्यूज/बक्सर :
चौसा-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सोनपा गांव के समीप तेज रफ्तार थार की चपेट में आने से मध्य बिहार ग्रामीण बैंक के सिकरौल शाखा प्रबंधक अमित कुमार की मौत हो गई। 36 वर्षीय अमित कुमार मूल रूप से पटना के रहने वाले थे और बैंकिंग सेवा में रहते हुए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से जुड़े हुए थे। उनकी असमय मौत की खबर से बैंक कर्मियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, अमित कुमार डिहरी में आयोजित किसान ऋण समझौता शिविर में भाग लेने के लिए अपनी स्कूटी से निकले थे। रास्ते में सोनपा गांव के समीप एक सीएसपी संचालक को साथ लेकर डिहरी जाने की उनकी योजना थी। लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही तेज रफ्तार थार वाहन ने उनकी जिंदगी की रफ्तार रोक दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोनपा गांव के पास पीछे से आ रही थार ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद थार चालक ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश तो की, लेकिन घटनाक्रम ने कई सवाल भी खड़े कर दिए।बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद चालक घायल बैंक मैनेजर को अपने वाहन से लेकर चौसा पहुंचा, जहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने का प्रयास किया गया। वहां इलाज की व्यवस्था नहीं होने के बाद वह उन्हें लेकर यूपी के भदौरा पहुंचा। इसके बाद घायल अमित कुमार को कैमूर जिले के रामगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में छोड़ दिया गया और चालक मौके से फरार हो गया।

इस पूरी प्रक्रिया में करीब एक से डेढ़ घंटे का समय गुजर गया। गंभीर रूप से घायल अमित कुमार जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे, लेकिन समय पर समुचित इलाज नहीं मिल सका। रामगढ़ पीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल कर्मियों ने रामगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए दुर्घटनाग्रस्त थार वाहन को रामगढ़ थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक से बरामद कर लिया। हालांकि वाहन चालक पुलिस के हाथ नहीं लग सका और वह फरार हो गया।इधर, सूचना मिलने के बाद राजपुर थाना पुलिस रामगढ़ पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

राजपुर थाना प्रभारी श्रीनिवास ने बताया कि अमित कुमार पटना निवासी थे और मध्य बिहार ग्रामीण बैंक की सिकरौल शाखा में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने बताया कि फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। वाहन को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।एक होनहार बैंक अधिकारी की सड़क हादसे में मौत ने एक बार फिर तेज रफ्तार और दुर्घटना के बाद त्वरित चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमित कुमार अपने काम के सिलसिले में निकले थे, लेकिन रास्ते में हुई एक लापरवाही ने उनके परिवार से उनका सहारा छीन लिया।

