अर्धवार्षिक परीक्षा के बाद कॉपियों की जांच शुरू
प्रखंड के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में बिहार शिक्षा परियोजना के निर्देश पर आयोजित अर्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा शनिवार को संपन्न होने के बाद सोमवार से कॉपियों की जांच का कार्य शुरू कर दिया गया। सीआरसी स्तर पर बनाए गए मूल्यांकन केंद्रों पर दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा कॉपियों की जांच कराई जा रही है।

__24 सितंबर तक चलेगा मूल्यांकन कार्य, शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी में जारी होगा परीक्षा परिणाम
केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में बिहार शिक्षा परियोजना के निर्देश पर आयोजित अर्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा शनिवार को संपन्न होने के बाद सोमवार से कॉपियों की जांच का कार्य शुरू कर दिया गया। सीआरसी स्तर पर बनाए गए मूल्यांकन केंद्रों पर दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा कॉपियों की जांच कराई जा रही है। ताकि मूल्यांकन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके।प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश राम ने बताया कि प्रखंड के विभिन्न प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में नामांकित करीब 3800 छात्र-छात्राएं अर्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद सोमवार से कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य शुरू किया गया है, जो 24 सितंबर तक चलेगा।

उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार परीक्षा की तर्ज पर कॉपियों की जांच भी दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों से कराई जा रही है। इसके लिए सीआरसी स्तर पर मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। मूल्यांकन कार्य की प्रखंड स्तर से लगातार निगरानी की जा रही है।कॉपियों की जांच पूरी होने के बाद विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस दौरान छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम उनके अभिभावकों के बीच घोषित किए जाएंगे। शिक्षा विभाग का उद्देश्य मूल्यांकन के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक स्तर की जानकारी प्राप्त कर उनकी पढ़ाई में आवश्यक सुधार करना है।

