नीट-यूजी 2026 को लेकर बक्सर में हाई अलर्ट, तीन परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा घेरे में होगी परीक्षा

नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को लेकर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन के लिए बुधवार को समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नीट-यूजी 2026 को लेकर बक्सर में हाई अलर्ट, तीन परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा घेरे में होगी परीक्षा

__ डीएम-एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग, 1:30 बजे बंद होगा गेट; मोबाइल, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक सामान पर रोक, स्टेशन-बस स्टैंड से लेकर सोशल मीडिया तक निगरानी

केटी न्यूज/बक्सर :

नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को लेकर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन के लिए बुधवार को समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।03 मई को आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के लिए बक्सर जिले में कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों के प्रवेश का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

प्रशासन ने साफ किया है कि 1:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा और केंद्रों का मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा।परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए दोहरी फ्रिस्किंग व्यवस्था लागू की गई है। पहली जांच केंद्र परिसर में प्रवेश से पहले दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और जवानों की मौजूदगी में होगी, जबकि दूसरी जांच गेट के भीतर निजी सुरक्षा कर्मियों और वीक्षकों द्वारा की जाएगी। इस दौरान हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर  का उपयोग किया जाएगा, ताकि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या संदिग्ध सामग्री भीतर न जा सके।प्रशासन ने परीक्षा में नकल और फर्जी परीक्षार्थियों की एंट्री रोकने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। प्रत्येक 100 परीक्षार्थियों पर एक स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और महिला-पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई है।

ये अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखेंगे और कक्षवार वीक्षकों की तैनाती भी रैंडम तरीके से कराएंगे।अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इयरफोन, माइक्रोफोन, हेल्थ बैंड, कैलकुलेटर, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक या अनधिकृत सामग्री को केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने कहा है कि नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई होगी।परीक्षा के मद्देनजर होटल, लॉज और अन्य ठहराव स्थलों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि बाहरी अभ्यर्थियों के ठहरने वाले स्थानों पर सतत निगरानी रखें और किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की स्थिति में तत्काल छानबीन कर कार्रवाई करें।

मॉडल थाना, मुफस्सिल थाना और इटाढ़ी थाना को इस संबंध में विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख मार्गों पर भी प्रशासनिक तैनाती होगी।सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक बक्सर रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात रहेंगे, ताकि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। केंद्रों के आसपास की फोटोस्टेट दुकानों को परीक्षा समाप्ति तक बंद कराया जाएगा, ताकि प्रश्नपत्र लीक या नकल की आशंका खत्म हो सके।

सोशल मीडिया पर अफवाह, फर्जी खबर या आपत्तिजनक पोस्ट पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। साइबर थाना, अनुमंडल प्रशासन और पुलिस अधिकारी व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग करेंगे।गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर डॉक्टर, पर्याप्त दवाइयां और एम्बुलेंस की व्यवस्था रहेगी। वहीं बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर स्थित आपदा शाखा भवन में कार्यरत रहेगा, जिसका दूरभाष नंबर 06183-223333 है। प्रशासन का संदेश साफ है—नीट परीक्षा में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा, और बक्सर में परीक्षा पूरी सख्ती, सुरक्षा और अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाएगी।