__ कोरान सराय पुलिस की अनुसूचित जाति बस्ती में छापेमारी, शराब तस्करी के आरोप में दोनों को भेजा गया जेल
केटी न्यूज/डुमरांव।
शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोरान सराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर स्थानीय गांव की अनुसूचित जाति बस्ती में छापेमारी कर 45 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की। मौके से एक महिला समेत दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लखमुनिया देवी, पति राजन मुसहर तथा बीगन मुसहर, पिता स्व. हरेराम मुसहर के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय गांव के निवासी बताए जाते हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बस्ती में देसी चुलाई शराब का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। इस दौरान 45 लीटर शराब बरामद होने के साथ दोनों आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गए।थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने गिरफ्तारी और शराब बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शराब के अवैध धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस तरह के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।