पैक्स घोटाले में दूसरी गिरफ्तारी, दो करोड़ गबन मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज
नया भोजपुर स्थित भोजपुर जदीद पैक्स से जुड़े करीब दो करोड़ रुपये के कथित गबन मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से पीड़ित जमाकर्ताओं में न्याय की उम्मीद बढ़ी है, वहीं फरार आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।
केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर स्थित भोजपुर जदीद पैक्स से जुड़े करीब दो करोड़ रुपये के कथित गबन मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से पीड़ित जमाकर्ताओं में न्याय की उम्मीद बढ़ी है, वहीं फरार आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।पुलिस ने बताया कि इस मामले में अप्राथमिक अभियुक्त अमीरुल्लाह खान, पिता मुल्ला खान, निवासी नया भोजपुर को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले मुख्य अभियुक्त कमालू खान, पिता जमालू खान की गिरफ्तारी हो चुकी है। दोनों गिरफ्तारियों को मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

यह मामला तब सामने आया था, जब बड़ी संख्या में पीड़ित जमाकर्ता पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के जनता दरबार में पहुंचे थे। लोगों ने शिकायत की थी कि उन्होंने वर्षों की कमाई भोजपुर जदीद पैक्स में आरडी और एफडी योजनाओं के तहत जमा की थी, लेकिन परिपक्वता के बाद राशि वापस नहीं दी जा रही है।पीड़ितों के अनुसार, बैंक प्रबंधन लगातार बहाने बनाता रहा और बाद में शाखा पर ताला बंद कर दिया गया। कई लोगों ने आरोप लगाया कि पैसे मांगने पर कर्मचारियों ने उनकी पासबुक और अन्य कागजात भी अपने कब्जे में ले लिए, जिससे उन्हें जमा राशि साबित करने में कठिनाई हुई।

घोटाले से प्रभावित लोगों में मजदूर, सब्जी विक्रेता, छोटे दुकानदार और दैनिक आय पर निर्भर परिवार शामिल हैं। इन लोगों ने छोटी-छोटी बचत कर भविष्य सुरक्षित करने की उम्मीद से पैसा जमा किया था। शिकायतकर्ता विकास कुमार ने बताया कि वर्ष 2023 में राशि परिपक्व होने के बाद भी उन्हें भुगतान नहीं मिला।मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त निबंधक, सहयोग समितियां, पटना प्रमंडल ने 6 जनवरी 2026 को जिला सहकारिता पदाधिकारी को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। इसके बाद पीड़ितों ने नया भोजपुर थाना में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ आवेदन दिया।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेकर जांच कर रही है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह सख्ती जारी रही तो पीड़ितों को न्याय मिलने के साथ भविष्य में ऐसे आर्थिक अपराधों पर भी रोक लगेगी।

