दीक्षा की संदिग्ध मौत मामले में पीएम व गृहमंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग
बक्सर की बेटी दीक्षा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु मामले ने जिले समेत पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता डॉ. मनोज पांडे ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री को आवेदन भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर की बेटी दीक्षा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु मामले ने जिले समेत पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता डॉ. मनोज पांडे ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री को आवेदन भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।डॉ. पांडे ने अपने आवेदन में कहा है कि दीक्षा की मौत ने न केवल उसके परिवार बल्कि पूरे बक्सर जिले को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है। आमजन को आशंका है कि मामले की सच्चाई दबाने तथा दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा सकता है।

उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी जैसे सीबीआई या विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराई जाए। साथ ही जांच प्रक्रिया की निगरानी उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय के अधीन हो, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और लोगों का विश्वास कायम हो सके।आवेदन में दोषियों की शीघ्र पहचान कर कठोर सजा देने की भी मांग की गई है, ताकि समाज में कड़ा संदेश जाए। इसके अलावा पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा आर्थिक सहायता देने की भी अपील की गई है। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया है।डॉ. पांडे ने कहा कि यह केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे समाज की अस्मिता और न्याय की पुकार है। यदि मामले में जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों का विश्वास कानून व्यवस्था से उठ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से शीघ्र हस्तक्षेप कर दीक्षा को न्याय दिलाने की मांग की है।

