पति के साथ मायके आई विवाहिता के साथ भरे बाजार में छेड़खानी, विरोध पर मारपीट व हवाई फायरिंग

- दबंगों ने पीड़िता के दो भाईयों को भी बंधक बना पीटा, छह नामजद एक गिरफ्तार
- घटना स्थल से खोखा व बंदूक के पाटर््स बरामद
केटी न्यूज / कृष्णाब्रह्म
शनिवार की शाम कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के टुड़ीगंज बाजार में अपने पति के साथ बाजार करने आई एक विवाहिता के साथ भरे बाजार में दबंगो ने पहले छेड़खानी किया और विरोध करने पर दंपति की पिटाई की गई। यही नहीं घटना की सूचना पर पहुंचे पीड़िता के दो भाईयों को भी बंधक बना पीटा गया तथा दहशत मचाने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग की गई। संयोग से किसी ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों भाईयों को उनके चंगुल से
छुड़ाया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने इस मामले में कुल छह लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने मौके से 12 बोर के बंदूक का एक खोखा तथा बंदूक के कुछ टूटे पास्ट भी बरामद किए है। मिली जानकारी के अनुसार कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक युवती की शादी शाहपुर थाना क्षेत्र में हुई थी। वह अपने पति के साथ मायके आई थी तथा शनिवार की शाम कुछ जरूरी सामानों की खरीददारी करने पति के साथ ही टुड़ीगंज बाजार गई। बाजार में
स्थानीय गांव के दबंगो ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। जिसका विरोध दंपति द्वारा किया गया। पीड़िता ने फोन कर अपने भाईयों को भी इसकी जानकारी दी। इधर दबंग न सिर्फ छेड़खानी कर रहे थे बल्कि मारपीट पर उतारू हो गए। इधर पीड़िता के भाई भी मौके पर पहुंच गए। आरोपी दोनों को एक घर में बंद कर मार पीट रहे थे। इसी दौरान पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने अरक के विकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि पीड़िता ने विकेश के साथ ही टुड़ीगंज के शमशेर सिंह,
माना सिंह, सूरज सिंह, उतम सिंह तथा रोहित सिंह पर छेड़खानी करने, विरोध करने पर मारपीट करने तथा जान मारने की नियत से फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए नामजद एफआईआर दर्ज कराया है। इस घटना के बाद दोनों गांवों के बीच तनाव कायम है। कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस एफआईआर दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है। वही इस घटना को ले टुड़ीगंज में चर्चाओं का बाजार गर्म है।