पचदरवा पुल पर पुलिस गश्ती वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, एसआई समेत तीन घायल

नावानगर थाना क्षेत्र के पचदरवा पुल के पास बुधवार की देर रात करीब दो बजे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से थाना की गश्ती गाड़ी सुमो गोल्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में गश्ती दल में तैनात एसआई संजीव कुमार सिंह समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पुलिसकर्मियों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पचदरवा पुल पर पुलिस गश्ती वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, एसआई समेत तीन घायल

__ गैस कटर से काटकर वाहन में फंसे एसआई को निकाला गया बाहर, बिक्रमगंज रेफर

केटी न्यूज/नावानगर

नावानगर थाना क्षेत्र के पचदरवा पुल के पास बुधवार की देर रात करीब दो बजे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से थाना की गश्ती गाड़ी सुमो गोल्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में गश्ती दल में तैनात एसआई संजीव कुमार सिंह समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पुलिसकर्मियों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। गंभीर रूप से फंसे एसआई को गैस कटर की मदद से वाहन काटकर बाहर निकाला गया। बताया जाता है कि डुमरांव की ओर से आ रहा ट्रक पचदरवा पुल के समीप अचानक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रक विपरीत दिशा में जाकर वहां खड़ी थाना की गश्ती गाड़ी से जा टकराया। टक्कर के कारण सुमो गोल्ड के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

वाहन में सवार एसआई संजीव कुमार सिंह अंदर फंस गए, जबकि सिपाही बृजबिहारी सिंह और चालक ओमप्रकाश कुमार भी हादसे में घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। गाड़ी का क्षतिग्रस्त हिस्सा हटाने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद एसआई को बाहर निकाला जा सका। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नावानगर ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों पुलिसकर्मियों को बेहतर इलाज के लिए करुणा अस्पताल, बिक्रमगंज रेफर कर दिया।नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पचदरवा पुल के पास अनियंत्रित ट्रक ने गश्ती गाड़ी में टक्कर मारी है। हादसे में एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और सभी का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है।