तेज रफ्तार बाइक ने बुझाया घर का इकलौता चिराग, 12 वर्षीय हिमांशु की मौत
रोहतास जिले के एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सड़क हादसे में घर के इकलौते बेटे की जान चली गई। घटना बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपुर-दुल्फा मुख्य नहर पथ पर हरपुर पुल के समीप तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 12 वर्षीय किशोर हिमांशु कुमार सिंह की मौत हो गई।

__ राजपुर-दुल्फा नहर पथ पर हरपुर पुल के पास हादसा, शौच के लिए निकला था किशोर; वाराणसी ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
केटी न्यूज/राजपुर।
रोहतास जिले के एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सड़क हादसे में घर के इकलौते बेटे की जान चली गई। घटना बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपुर-दुल्फा मुख्य नहर पथ पर हरपुर पुल के समीप तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 12 वर्षीय किशोर हिमांशु कुमार सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

मृतक हिमांशु कुमार सिंह रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र अंतर्गत झुखुरियापुर गांव निवासी हीरालाल सिंह का पुत्र था। वह हरपुर गांव निवासी सुरेंद्र सिंह यादव के घर अपनी मौसी के यहां आया हुआ था। परिजनों के अनुसार, रविवार को उसे अपने परिवार के सदस्यों के साथ शिरडी के साईं बाबा के दर्शन के लिए जाना था। घर में यात्रा की तैयारी थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूट पड़ेगा।

__नहर पथ पर टहलने के दौरान बाइक ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह हिमांशु शौच के लिए घर से निकला था। वह नहर पथ के किनारे टहलते हुए जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोर सड़क पर गिरकर बेसुध हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया।

__वाराणसी ले जाने के दौरान थम गई सांसें
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हिमांशु की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे लेकर वाराणसी के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों की उम्मीदें मातम में बदल गईं। उधर, दुर्घटना के बाद बाइक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।ग्रामीणों के अनुसार, हिमांशु अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय मौत से परिवार की खुशियां उजड़ गईं। जिस बच्चे के साथ परिजनों ने भविष्य के सपने संजोए थे, उसके अचानक चले जाने से घर में मातम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से सड़क पर पैदा होने वाले खतरे को उजागर कर दिया है।

