राजगोला मंडी की आस्था का केंद्र बना हनुमान मंदिर, वार्षिकोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

राजगोला मंडी स्थित हनुमान मंदिर का वार्षिकोत्सव मंगलवार को पूरे भक्तिभाव और उत्सवी माहौल के बीच मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। हनुमान जी के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा राजगोला मंडी परिसर गूंजता रहा।

राजगोला मंडी की आस्था का केंद्र बना हनुमान मंदिर, वार्षिकोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

__ 24 घंटे के राम नाम संकीर्तन के बाद हुई विशेष पूजा-अर्चना, कारोबारियों ने परिवार संग पहुंचकर की आराधना

केटी न्यूज/डुमरांव।

राजगोला मंडी स्थित हनुमान मंदिर का वार्षिकोत्सव मंगलवार को पूरे भक्तिभाव और उत्सवी माहौल के बीच मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। हनुमान जी के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा राजगोला मंडी परिसर गूंजता रहा।वार्षिकोत्सव की पूर्व संध्या से मंदिर परिसर में 24 घंटे के राम नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। लगातार गूंजते राम नाम के जाप से मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। संकीर्तन के समापन के बाद वैदिक विधि-विधान से हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना कराई गई।

इसके बाद सामूहिक आरती में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। आरती के दौरान भक्तों ने हनुमान जी के समक्ष माथा टेककर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।वार्षिकोत्सव का सबसे खास आकर्षण राजगोला मंडी के व्यवसायियों की भागीदारी रही। कारोबारियों के लिए यह मंदिर लंबे समय से आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। स्थानीय व्यवसायियों की मान्यता है कि हनुमान जी की कृपा से कारोबार में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और व्यापार की रक्षा होती है। यही कारण है कि कई व्यवसायी प्रतिदिन दुकान खोलने से पहले मंदिर में माथा टेकना अपनी परंपरा मानते हैं।वार्षिकोत्सव के अवसर पर व्यवसायी अपने परिजनों के साथ मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। शहर के विभिन्न हिस्सों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। महिलाओं और बच्चों की भी अच्छी भागीदारी रही। श्रद्धालुओं की भीड़ और सजे-धजे मंदिर परिसर के कारण देर शाम तक राजगोला मंडी में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।