किला मैदान में 20 अक्टूबर को गूंजेगा जय श्रीराम, 45 फीट के रावण का होगा दहन

बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में विजयादशमी का उल्लास चरम पर पहुंचने वाला है। श्री रामलीला समिति, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव के तहत आगामी 20 अक्टूबर को भव्य रावण वध कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

किला मैदान में 20 अक्टूबर को गूंजेगा जय श्रीराम, 45 फीट के रावण का होगा दहन

__ दोपहर दो बजे से शुरू होगा विजयादशमी का मुख्य आयोजन, 40 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतले के साथ कोल्ड फायर, स्मोक फायर और रंग-बिरंगी आतिशबाजी बिखेरेगी छटा

केटी न्यूज/बक्सर।

बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में विजयादशमी का उल्लास चरम पर पहुंचने वाला है। श्री रामलीला समिति, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव के तहत आगामी 20 अक्टूबर को भव्य रावण वध कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर दो बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में 45 फीट ऊंचे रावण और 40 फीट ऊंचे मेघनाद के विशालकाय पुतलों का दहन किया जाएगा। इस दौरान कलात्मक आतिशबाजी के साथ कोल्ड फायर और स्मोक फायर का आकर्षक नजारा दर्शकों के रोमांच को दोगुना करेगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

समिति के सचिव बैकुण्ठनाथ शर्मा एवं संयुक्त सचिव सह मीडिया प्रभारी हरिशंकर गुप्ता ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी कर बताया कि इस वर्ष रावण वध कार्यक्रम को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। विशालकाय पुतलों के निर्माण की जिम्मेदारी मिश्रवलिया निवासी जितेन्द्र शर्मा को सौंपी गई है, जबकि रंग-बिरंगी और मनमोहक आतिशबाजी की व्यवस्था सिमरी के प्रसिद्ध आतिशबाज कैमुद्दीन करेंगे।

__ लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद

बक्सर का ऐतिहासिक रावण वध कार्यक्रम आसपास के जिलों के साथ उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। हर वर्ष इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक किला मैदान पहुंचते हैं। इस बार भी भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए समिति ने लोगों से समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील की है।

__ 23 अक्टूबर को होगा महोत्सव का समापन

रावण वध के बाद भी धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा। 21 अक्टूबर को दिन में कृष्णलीला और रात में रामलीला का मंचन होगा। 22 अक्टूबर को दिन में कृष्णलीला के बाद रात दस बजे नगर के यमुना चौक पर भव्य भरत मिलाप आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाओं और दुर्गा पूजा समितियों की ओर से आकर्षक लाग एवं झांकियां निकाली जाएंगी। वहीं, 23 अक्टूबर को श्रीचन्द्र मंदिर में भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ विजयादशमी महोत्सव का समापन होगा।समिति ने नगरवासियों और श्रद्धालुओं से सभी कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।