खरपुरा में गूंजा ‘हर-हर महादेव’, भव्य कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय रुद्र यज्ञ का शुभारंभ
प्रखंड के रामपुर पंचायत अंतर्गत खरपुरा गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय रुद्र यज्ञ का शुभारंभ गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। श्रद्धा, आस्था और भक्ति के रंग में पूरा खरपुरा गांव डूबा नजर आ रहा है।

__ शिव मंदिर के पांचवें स्थापना दिवस पर उमड़ा आस्था का सैलाब, रामरेखा घाट से लाया गया पवित्र जल; प्रवचन और भंडारे को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह
केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड के रामपुर पंचायत अंतर्गत खरपुरा गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय रुद्र यज्ञ का शुभारंभ गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। श्रद्धा, आस्था और भक्ति के रंग में पूरा खरपुरा गांव डूबा नजर आ रहा है।यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर शिव मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए।

कलश यात्रा मां काली स्थान होते हुए बक्सर स्थित पवित्र रामरेखा घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधि-विधान के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल ग्रहण किया।रामरेखा घाट से जल लेकर श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल खरपुरा पहुंचे। यहां आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना कराई गई और यज्ञ मंडप में विधिवत पूजा-अर्चना शुरू हुई। कलश यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। वातावरण हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा।आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि तीन दिवसीय रुद्र यज्ञ के तहत शुक्रवार, 26 जून को भगवान शिव का भव्य रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

वहीं शनिवार, 27 जून को पूर्णाहुति के साथ यज्ञ का समापन होगा। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।यज्ञ के दौरान श्रीधाम अयोध्या से पधारीं सुश्री किशोरी प्रज्ञा पाण्डेय द्वारा शुक्रवार की संध्या करीब छह बजे से दो दिवसीय आध्यात्मिक प्रवचन दिया जाएगा। उनके प्रवचन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने बताया कि प्रवचन के माध्यम से भक्तों को धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े संदेश दिए जाएंगे।

शिव मंदिर स्थापना दिवस पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में श्री राम बिहारी पांडेय, गुड्डू पांडेय, कन्हैया जी, शंकर दयाल पांडेय, रविंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार होता है। रुद्र यज्ञ को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन एवं धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।

