उसरा गांव में मां विंध्यवासिनी धाम मंदिर में मूर्ति स्थापना सह प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का शुभारंभ
स्थानीय प्रखंड अंतर्गत सोनवर्षा पंचायत के उसरा गांव स्थित मां विंध्यवासिनी धाम मंदिर परिसर में मूर्ति स्थापना सह प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। बुधवार को वैदिक विधि-विधान के साथ अग्नि उत्पन्न कर यज्ञ की शुरुआत की गई। यज्ञाचार्य अरुण कुमार पाण्डेय के आचार्यत्व में मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ की प्रथम आहुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
केटी न्यूज/नावानगर
स्थानीय प्रखंड अंतर्गत सोनवर्षा पंचायत के उसरा गांव स्थित मां विंध्यवासिनी धाम मंदिर परिसर में मूर्ति स्थापना सह प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। बुधवार को वैदिक विधि-विधान के साथ अग्नि उत्पन्न कर यज्ञ की शुरुआत की गई। यज्ञाचार्य अरुण कुमार पाण्डेय के आचार्यत्व में मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ की प्रथम आहुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। यज्ञ के आरंभ के साथ ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे।

वैदिक मंत्रों की गूंज, हवन कुंड से उठती अग्नि की लपटें और मां विंध्यवासिनी के जयघोष से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर परिवार एवं गांव की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। यज्ञाचार्य अरुण कुमार पाण्डेय ने बताया कि यह मूर्ति स्थापना सह प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ पूरी वैदिक परंपरा के अनुसार संपन्न कराया जा रहा है। यज्ञ की शुरुआत 19 जनवरी को जलहरी के साथ की गई। जिसकी पूर्णाहुति 25 जनवरी को भंडारे के साथ होगी। जिसमें श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी।

इस धार्मिक आयोजन में गुड्डू पांडे, रिंबू ओझा, विजय राय, काशीनाथ पांडे, विष्णु शंकर पांडे एवं दीपक पाण्डेय सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। वहीं मंदिर के पुजारी कमता ओझा और रंजन ओझा द्वारा नियमित पूजा-अर्चना और अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यज्ञ के दौरान प्रतिदिन पूजा, हवन और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इस यज्ञ के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक चेतना, सामाजिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा के संचार का उद्देश्य है। यज्ञ के शुभारंभ से पूरे उसरा गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया है और श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।

