भीषण हादसा: तेज रफ्तार जेसीबी ने बाइक में मारी टक्कर, मौके पर हुई चालक की मौत, पत्नी-बेटी भी जख्मी

डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर सड़क हादसों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की सुबह तेज रफ्तार जेसीबी व बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक के पीछे बैठी उसकी पत्नी तथा तीन वर्षीय बेटी को आंशिक चोटे आई है। घटना सुबह नौ बजे कोरानसराय थाना क्षेत्र के सुघर डेरा के समीप की है।

भीषण हादसा: तेज रफ्तार जेसीबी ने बाइक में मारी टक्कर, मौके पर हुई चालक की मौत, पत्नी-बेटी भी जख्मी

-- लोडर बकेट में फंस 12 से 15 फीट उपर टंगा बाइक चालक, नीचे गिरते ही हो गई मौत, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर सड़क हादसों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की सुबह तेज रफ्तार जेसीबी व बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक के पीछे बैठी उसकी पत्नी तथा तीन वर्षीय बेटी को आंशिक चोटे आई है। घटना सुबह नौ बजे कोरानसराय थाना क्षेत्र के सुघर डेरा के समीप की है। वहीं, मौके का फायदा उठा जेसीबी चालक अपना वाहन लेकर फरार हो गया।प्रत्यक्षदर्शी सूत्रों का कहना है कि हादसे के दौरान जेसीबी की स्पीड अधिक थी तथा उसका लोडर बकेट भी नीचे था, जिसमें बाइक चालक फंस गया तथा चालक ने गलती से लोडर बकेट को उपर उठा दिया। जिस कारण बाइक चालक करीब 12 से 15 फीट उपर उठ गया, चालक यहां रूकने के बजाय जल्दीबाजी में उसे उपर से ही गिरा दिया, नीचे गिरते ही छाती में गंभीर चोट की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, बाइक पर पीछे बैठी पत्नी व बेटी सड़क पर गिर पड़े, हालांकि, उन्हें आंशिक चोटे ही आई।मृतक की पहचान नावानगर थाना क्षेत्र के स्थानीय पंचायत के वार्ड 12 निवासी गणेश ठाकुर के 28 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। जबकि, उसकी पत्नी प्रियांशु कुमारी व तीन वर्षीय बेटी नंदिनी जख्मी हुई है। बताया जा रहा है कि सभी बक्सर से गंगा स्नान कर वापस गांव लौट रहे थे।घटना के बाद आस पास में मौजूद लोग सभी को तत्काल लेकर डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना की सूचना पर पहुंची कोरानसराय पुलिस ने शव को कब्जे में ले पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया।

-- मां की तबीयत खराब होने की सूचना पर एक सप्ताह पहले आया था मृतक  

जानकारी के अनुसार मृतक दिल्ली में रहकर एक निजी फैक्ट्री में काम करता था। एक सप्ताह पूर्व वह मां की तबीयत खराब होने की सूचना पर गांव आया था। रविवार को अपने परिवार के साथ वह गंगा स्नान के लिए बक्सर निकला था, तब शायद किसी को नहीं पता था यह कि उसकी अंतिम यात्रा साबित होगी।मृतक दो बच्चों का पिता था, इस घटना से पांच वर्षीय पुत्र विवेक कुमार और तीन वर्षीय बेटी नंदनी कुमारी अब बेसहारा हो गए हैं। मृतक की पत्नी का आरोप है कि पास में ही स्थित एक फैक्ट्री से निकल रही जेसीबी ने लापरवाहीपूर्वक सीधे बाइक में टक्कर मार दी। इस घटना के बाद पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था, जबकि ग्रामीण भी मर्माहत थे। कोरानसराय के प्रभारी थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्हाेंने कहा कि अभी तक परिजनों द्वारा किसी तरह की शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है। आवेदन मिलते ही दुर्घटना को अंजाम देने वाले जेसीबी का पता लगाया जाएगा।

-- अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच पूर्व विधायक ने बंधाया ढांढस

वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजित कुमार सिंह डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों से मिल उन्हें ढांढस बंधाया। पूर्व विधायक ने घटना पर गहरा दुख जताया और कहा कि वे हर समय पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहेंगे।