बक्सर में भीषण गर्मी से राहत नहीं, 4 जुलाई तक 8वीं तक की कक्षाएं दोपहर बाद बंद रखने का आदेश
जिले में जारी भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों के संचालन को लेकर नया आदेश जारी किया है। अत्यधिक तापमान और दोपहर के समय पड़ रही तेज गर्मी के कारण बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए बक्सर जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर दोपहर बाद रोक लगा दी गई है।

केटी न्यूज/बक्सर:
जिले में जारी भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों के संचालन को लेकर नया आदेश जारी किया है। अत्यधिक तापमान और दोपहर के समय पड़ रही तेज गर्मी के कारण बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए बक्सर जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर दोपहर बाद रोक लगा दी गई है।जिला दंडाधिकारी साहिला ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत यह आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों में 30 जून से 4 जुलाई तक पूर्वाह्न 12:30 बजे के बाद कक्षा 8 तक की पढ़ाई नहीं होगी।

विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे प्रशासन के आदेश के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों का पुनर्निर्धारण करें।गौरतलब है कि जिले में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी हुई है। दिन के समय तापमान में लगातार बढ़ोतरी और उमस भरी गर्मी के कारण आम जनजीवन प्रभावित है। खासकर दोपहर के समय बाहर निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर गर्मी का अधिक असर पड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।इससे पहले भीषण गर्मी को देखते हुए जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 27 जून तक प्रतिबंध लगाया गया था।

अब मौसम विभाग की सूचना के अनुसार अगले 48 घंटे के बाद मौसम में बदलाव और सुबह के समय गर्मी में कमी आने की संभावना जताई गई है। हालांकि दोपहर के समय गर्मी की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यह व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया है।जिला प्रशासन ने विद्यालय संचालकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और निर्धारित समय के अनुसार ही विद्यालयों का संचालन करें। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों को गर्मी से बचाने, पर्याप्त पानी पिलाने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।प्रशासन का यह आदेश बक्सर जिले में 30 जून से 4 जुलाई तक प्रभावी रहेगा। मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी आवश्यक निर्णय लिया जा सकता है।

