एनएच-922 पर रांग साइड का कहर, ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर
पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर रांग साइड से वाहनों के परिचालन ने एक बार फिर गंभीर सड़क हादसे को जन्म दिया। चंदा गांव के समीप बुधवार दोपहर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है।

__ चंदा गांव के पास हादसे में युवक के सिर में लगी गंभीर चोट, वाराणसी रेफर; दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर लेकर चालक फरार
केटी न्यूज/डुमरांव।
पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर रांग साइड से वाहनों के परिचालन ने एक बार फिर गंभीर सड़क हादसे को जन्म दिया। चंदा गांव के समीप बुधवार दोपहर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल से चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत फरार हो गया।घायल की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इजरी गांव निवासी गंगासागर पांडेय के पुत्र हर्षित पांडेय के रूप में हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा शर्मा के अनुसार, हर्षित बक्सर से लौट रहा था।

इसी दौरान चंदा गांव के पास अपनी लेन में जा रही उसकी बाइक सामने से रांग साइड में आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों की मदद से घायल को प्रतापसागर स्थित मेथोडिस्ट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। सिर में गंभीर चोट और नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया।

__ चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक के फरार होने से उसकी पहचान और वाहन का पता लगाना पुलिस के लिए चुनौती है। नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।


