चौसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद

मुफस्सिल थाना पुलिस ने चौसा के हनुमान नगर इलाके में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने कुल 158.76 लीटर शराब जब्त की, जबकि कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहा।

चौसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद

केटी न्यूज/चौसा

मुफस्सिल थाना पुलिस ने चौसा के हनुमान नगर इलाके में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने कुल 158.76 लीटर शराब जब्त की, जबकि कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस के अनुसार, हनुमान नगर क्षेत्र में अवैध शराब छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद मुफस्सिल थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान 8 पीएम ब्रांड की 180 एमएल वाली 432 टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 77.76 लीटर है।

इसके अलावा 200 एमएल की 405 टेट्रा पैक देशी शराब भी जब्त हुई, जिसकी मात्रा 81 लीटर बताई गई है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक बाइक भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल शराब की ढुलाई में किए जाने की आशंका है। हालांकि पुलिस पहुंचने से पहले ही तस्कर मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही है।मुफस्सिल अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि इलाके में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में शराब माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में अज्ञात तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।