बक्सर पुलिस का बड़ा खुलासा: लूटकांड का सफल उद्भेदन, चार अपराधी गिरफ्तार

बक्सर पुलिस ने इटाढ़ी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल अपराधियों को दबोच लिया।

बक्सर पुलिस का बड़ा खुलासा: लूटकांड का सफल उद्भेदन, चार अपराधी गिरफ्तार

__ हथियार के बल पर हुई लूट की वारदात का खुलासा, बाइक, मोबाइल और हथियार बरामद

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर पुलिस ने इटाढ़ी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल अपराधियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, वीडियो कैमरा तथा एक देसी पिस्टल भी बरामद की गई है।प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 अप्रैल को रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र निवासी पंकज कुमार ने इटाढ़ी थाना में आवेदन देकर बताया था कि वह कैमरा चौधरी के साथ बाइक से रोहतास जा रहे थे।

इसी दौरान इटाढ़ी थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और हथियार का भय दिखाकर वीडियो कैमरा, मोटरसाइकिल तथा मोबाइल फोन लूट लिया। मामले में इटाढ़ी थाना कांड संख्या 79/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभम आर्य ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहले एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के नाम उजागर कर दिए, जिसके बाद लगातार छापेमारी कर तीन अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपितों में सुजातपुर निवासी मनीष ठाकुर, जगमनपुर निवासी प्रेमचंद पाठक सहित चार अपराधी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ अपराधियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। एक आरोपी के खिलाफ पूर्व से मारपीट एवं अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। वहीं एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, एक वीडियो कैमरा और एक देसी पिस्टल बरामद किया है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ गौरव पांडेय, सदर इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह, डीआईयू टीम तथा इटाढ़ी व धनसोई थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एसपी शुभम आर्य ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।