वीर कुंवर सिंह सेतु पर उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन, लगातार दूसरे दिन लाखों की विदेशी शराब जब्त

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की खेप राज्य में पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि बक्सर के वीर कुंवर सिंह सेतु स्थित चेकपोस्ट पर मुस्तैद उत्पाद विभाग की टीम उनकी हर चाल को लगातार नाकाम कर रही है।

वीर कुंवर सिंह सेतु पर उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन, लगातार दूसरे दिन लाखों की विदेशी शराब जब्त

__ दिल्ली से पटना जा रहे कंटेनर से 307.170 लीटर पंजाब निर्मित विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार; तीन लाख 68 हजार रुपये आंकी गई खेप

केटी न्यूज/बक्सर

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की खेप राज्य में पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि बक्सर के वीर कुंवर सिंह सेतु स्थित चेकपोस्ट पर मुस्तैद उत्पाद विभाग की टीम उनकी हर चाल को लगातार नाकाम कर रही है। विभाग ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य की विदेशी शराब की खेप बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर पटवारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान दिल्ली से पटना की ओर जा रहे एक छह चक्का कंटेनर को संदेह के आधार पर रोककर उसकी तलाशी ली गई।

पहली नजर में कंटेनर में केवल करियर का सामान लदा हुआ दिखाई दिया, लेकिन अधिकारियों को शक होने पर वाहन की सील तोड़कर गहन जांच की गई।तलाशी के दौरान करियर के सामान के बीच बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई पंजाब निर्मित विदेशी शराब की पेट बोतलें बरामद हुईं। शराब की खेप को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में उसका पता लगाना मुश्किल था। हालांकि उत्पाद विभाग की सतर्कता के कारण तस्करों की पूरी साजिश नाकाम हो गई।कार्रवाई के दौरान वाहन में मौजूद एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी सुनील यादव, पिता रामआशीष यादव के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इस खेप के गंतव्य के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

उत्पाद विभाग के अनुसार, कंटेनर से विभिन्न ब्रांड की कुल 307.170 लीटर पंजाब निर्मित विदेशी शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 3 लाख 68 हजार रुपये आंकी गई है। बरामद कंटेनर को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।गौरतलब है कि वीर कुंवर सिंह सेतु उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में शराब तस्कर अक्सर इसी रास्ते से बिहार में शराब पहुंचाने की कोशिश करते हैं। लेकिन उत्पाद विभाग द्वारा यहां लगातार चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के कारण तस्करों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। लगातार दूसरे दिन हुई इस बड़ी बरामदगी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि विभाग सीमावर्ती इलाके में शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

वहीं, इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद आखिर इतनी बड़ी मात्रा में शराब राज्य की सीमा तक कैसे पहुंच रही है। लगातार पकड़ी जा रही शराब की खेप इस बात की ओर इशारा करती है कि तस्कर संगठित नेटवर्क के जरिए शराब की सप्लाई की कोशिशों में लगातार जुटे हुए हैं। हालांकि उत्पाद विभाग का कहना है कि सीमावर्ती चेकपोस्टों पर निगरानी और जांच अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि शराब तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।