सिमरी में बिजली चोरों पर बड़ी कार्रवाई: 12 ठिकानों पर छापा, 9.35 लाख का जुर्माना
बिजली चोरी के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए सिमरी थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग ने बड़ा अभियान चलाया, जिसमें दुल्लहपुर और बलिहार गांव के 12 ठिकानों पर छापेमारी कर व्यापक स्तर पर बिजली चोरी का खुलासा किया गया। इस कार्रवाई में कुल 9,35,060 रुपये का जुर्माना लगाया गया है और सभी आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
__ दुल्लहपुर और बलिहार में मीटर बाईपास से लेकर टोका फंसाकर चोरी तक का खुलासा, विभाग ने दर्ज कराई प्राथमिकी
केटी न्यूज/सिमरी
बिजली चोरी के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए सिमरी थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग ने बड़ा अभियान चलाया, जिसमें दुल्लहपुर और बलिहार गांव के 12 ठिकानों पर छापेमारी कर व्यापक स्तर पर बिजली चोरी का खुलासा किया गया। इस कार्रवाई में कुल 9,35,060 रुपये का जुर्माना लगाया गया है और सभी आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।अभियान का नेतृत्व सहायक विद्युत अभियंता अर्जुन वर्मा और कनीय विद्युत अभियंता जितेंद्र कुमार कर रहे थे। जांच के दौरान सामने आया कि अधिकांश उपभोक्ता मीटर बाईपास, सर्विस तार जोड़ने और सीधे एलटी लाइन में टोका फंसाकर बिजली का अवैध उपयोग कर रहे थे।

दुल्लहपुर गांव में एक के बाद एक कई मामलों का खुलासा हुआ, जहां उपभोक्ताओं द्वारा 1 किलोवाट से लेकर लगभग 3 किलोवाट तक की बिजली चोरी की जा रही थी। कई घरों में मीटर से पहले तार जोड़कर खपत छिपाई जा रही थी, जबकि कुछ स्थानों पर बिना किसी वैध कनेक्शन के सीधे लाइन से बिजली ली जा रही थी।कार्रवाई के दौरान सबसे गंभीर मामला बलिहार गांव में सामने आया, जहां एक आरओ और पैकेजिंग वाटर प्लांट संचालक का कनेक्शन बकाया के कारण पहले ही काट दिया गया था। इसके बावजूद संचालक ने एलटी लाइन से अवैध कनेक्शन जोड़कर बड़े पैमाने पर बिजली का उपयोग जारी रखा।

इस मामले में विभाग को सबसे अधिक नुकसान हुआ और संबंधित उपभोक्ता पर 4,16,657 रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया।विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बिजली चोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सहायक अभियंता अर्जुन वर्मा ने कहा कि राजस्व नुकसान रोकने के लिए लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही है।वहीं कनीय अभियंता जितेंद्र कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि चोरी करते पकड़े जाने पर न केवल भारी जुर्माना लगेगा, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी तय है।

