सिंचाई पर संकट: ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी से किसानों की बढ़ी मुश्किलें

स्थानीय थाना क्षेत्र में बिजली ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की घटनाओं ने अब किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों की पटवन के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर अज्ञात चोर लगातार तेल निकाल रहे हैं, जिससे न केवल बिजली विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारी के बयान पर स्थानीय थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

सिंचाई पर संकट: ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी से किसानों की बढ़ी मुश्किलें

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

स्थानीय थाना क्षेत्र में बिजली ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की घटनाओं ने अब किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों की पटवन के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर अज्ञात चोर लगातार तेल निकाल रहे हैं, जिससे न केवल बिजली विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारी के बयान पर स्थानीय थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अब तक नौ बिजली ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की पुष्टि हुई है।

इस संबंध में विद्युत आपूर्ति प्रशाखा ब्रह्मपुर के कनीय अभियंता अमित कुमार राय के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था बाधित होती है और उसे दुरुस्त करने में विभाग को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है।वहीं ग्रामीणों और किसानों का कहना है कि चोरी की घटनाएं केवल नौ ट्रांसफार्मरों तक सीमित नहीं हैं। उनके अनुसार क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी होने की शिकायत मिल चुकी है, लेकिन सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। किसानों का कहना है कि ट्रांसफार्मर से तेल निकाल लेने के कारण मोटर चलना बंद हो जाता है, जिससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।

ग्रामीणों का यह भी मानना है कि यह काम किसी पेशेवर और संगठित गिरोह का हो सकता है, क्योंकि ट्रांसफार्मर से तेल निकालना सामान्य व्यक्ति के लिए आसान नहीं है। इसके लिए तकनीकी जानकारी और उपकरणों की आवश्यकता होती है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरी के पीछे ऐसे लोग हो सकते हैं जिन्हें ट्रांसफार्मर और उसके उपयोग की अच्छी जानकारी है।ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर चोरी में शामिल गिरोह का खुलासा करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में किसानों की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।